Friday, May 15, 2026
Latest:
FEATURED

शादी की खुशियां मातम में बदली: बेटी की विदाई के वक्त पिता को आया हार्ट अटैक, मंडप में ही तोड़ा दम

बुलढाणा (महाराष्ट्र): शादी की खुशियां मातम में बदली: बेटी की विदाई के वक्त पिता को आया हार्ट अटैक, मंडप में ही तोड़ा दम। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के वर्दादी गांव से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। यहाँ एक पिता की अपनी बेटी को विदा करने की खुशियाँ पल भर में कोहराम में बदल गईं। बेटी की विदाई की रस्मों के दौरान पिता को दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

शादी की खुशियां मातम में बदली: बेटी की विदाई के वक्त पिता को आया हार्ट अटैक, मंडप में ही तोड़ा दम

विवाह मंडप में ही गिर पड़े कुरुमदास

मृतक की पहचान 50 वर्षीय कुरुमदास कुंडलीक भूटेकर के रूप में हुई है। उनकी बेटी नंदिनी का विवाह जालना जिले के प्रदीप नानोटे के साथ तय हुआ था। गुरुवार शाम को शादी की रस्में बड़े धूमधाम से संपन्न हुईं। लेकिन जैसे ही विदाई का समय आया और कुरुमदास अपनी बेटी का हाथ दूल्हे के परिवार को सौंप रहे थे, अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे वहीं गिर पड़े।

बाईपास सर्जरी के बावजूद बेटी के लिए की मेहनत

परिजनों ने बताया कि कुरुमदास लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थे और दिसंबर में ही उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और तनाव न लेने की सलाह दी थी, लेकिन अपनी लाडली बेटी की शादी उनका सबसे बड़ा सपना था। शादी की तैयारियों की थकान और विदाई के भावनात्मक बोझ को उनका कमजोर दिल सहन नहीं कर पाया।

खुशियों के घर मचा कोहराम

आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही शादी का घर चीख-पुकार से भर गया। जो बेटी कुछ देर पहले दुल्हन के लिबास में मुस्कुरा रही थी, वह अपने पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर रो पड़ी। गांव के सरपंच रविंद्र नागरे ने इस घटना को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि एक पिता की ममता और भावनात्मक सदमे ने हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि