श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी का प्राकट्य दिवस,भव्य शोभायात्रा, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से गूंजा हरेमाधव दरबार साहिब, जरूरतमंदों को मिला नि:शुल्क चिकित्सा परामर्
कटनी। हरेमाधव सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी का प्राकट्य दिवस बुधवार, 18 नवंबर को माधवनगर स्थित हरेमाधव दरबार साहिब में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न नगरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचे। हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति माधवनगर कटनी की ओर से बाहर से आए श्रद्धालुओं के आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई।
प्रातःकाल हरेमाधव दरबार साहिब से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पुष्पों से सुसज्जित रथ पर विराजमान सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा में समिति के ईश्वरनादम पथक ने संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। इसके पश्चात विभिन्न प्रदेशों की पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने बनाए गए भव्य एवं सुसज्जित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इसके बाद हरेमाधव सत्संग का शुभारंभ सद्ग्रंथ वाणी की अरदास ‘मेरे सतगुरु हम शरण तेरी आए’ से हुआ। चरण वंदना, सतगुरु महिमा, हरेमाधव भजन राग और सद्ग्रंथ वाणियों का भावपूर्ण गायन किया गया। ‘हम तो चले माधव लोक’, ‘मोहे मिलो गुरु सतगुरु पूरा’ और ‘माधव सिमर गुरु नाम आराधना आए प्रकटे संत दयाल’ जैसी वाणियों के माध्यम से सतगुरु की महिमा का गुणगान किया गया। एलईडी स्क्रीन पर सतगुरु साहिबान जी के बाल्यकाल से जुड़ी वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई। इसमें उनके बचपन की आध्यात्मिक प्रवृत्ति, सेवा भावना, भजन-सिमरन और अनुशासित जीवन से जुड़े प्रसंगों ने संगत को भावविभोर कर दिया।
सत्संग में बताया गया कि जीवनमुक्त सतगुरु का प्राकट्य केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जीवात्माओं के आध्यात्मिक जागरण और कल्याण का अवसर है। सतगुरु अपनी दिव्य वाणी, करुणा और अमृत नाम के सिमरन के माध्यम से मानव जीवन को प्रेम, भक्ति और सद्मार्ग की ओर अग्रसर करते हैं। वर्तमान में सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी हरेमाधव सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आंतरिक भक्ति, नाम-सिमरन और आध्यात्मिक साधना का मार्ग दिखा रहे हैं।
कार्यक्रम में हरेमाधव रुहानी बाल संस्कार के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सतगुरु साहिबान जी ने अपने श्रीमुख से अमृतमयी वचनों के माध्यम से जीवनमुक्त सतगुरु की महिमा तथा अमृत नाम के सिमरन और ध्यान से होने वाले आध्यात्मिक लाभों का वर्णन किया। इस दौरान हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति की ओर से सतगुरु साहिबान जी के प्राकट्य दिवस का केक काटा गया। इसके बाद गुरु परिवार और श्रद्धालुओं ने भी केक काटकर उत्सव की खुशियां साझा कीं।
प्राकट्य दिवस के अवसर पर सेवा और परोपकार के कार्य भी किए गए। बाबा माधवशाह चिकित्सालय में आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों जरूरतमंदों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा उपलब्ध दवाइयां वितरित की गईं। वहीं सुभाष चौक एवं गुरुनानक मार्केट में दोपहर से रात्रि तक आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि तक हरेमाधव भजन राग और सद्ग्रंथ वाणियों का गायन चलता रहा। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। अंत में संगत ने सतगुरु साहिबान जी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा हरेमाधव ब्रह्मभोज में प्रसाद ग्रहण कर प्राकट्य दिवस समारोह का समापन किया।












