मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने रीठी के गांवों में स्वास्थ्य व महिला बाल विकास टीम का औचक निरीक्षण।
कटनी। जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की सघन निगरानी शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह और महिला बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पांडे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विकासखंड रीठी के ग्राम घनिया, मुहास, खमरिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पोषण एवं स्वास्थ्य दिवस (VHND) का जायजा लेते हुए गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, टीकाकरण, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल और कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा की गई। लापरवाही पर एक्शन: ग्राम मुहास की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाई गईं। साथ ही, मौके पर गर्भवती माताओं और बच्चों की ड्यू लिस्ट भी नहीं मिली और दोपहर 1 बजे तक स्वास्थ्य सत्र नहीं लगाया गया था। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोबारा सत्र लगाकर सेवाएं देने के निर्देश दिए।

