अजीबोगरीब विवाद: रीवा के सेमरिया में दशहरे पर नहीं जल सका रावण-कारीगर ने बनाए थे 9 सिर, 24 घंटे बाद हुआ दहन
सेमरिया/ रीवा । विजयादशमी पर जहां पूरे देश में धूमधाम से असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक रावण दहन किया गया, वहीं रीवा जिले के सेमरिया में एक अनोखा विवाद सामने आया। यहां दशहरा उत्सव समिति द्वारा तैयार कराए गए रावण के पुतले में 10 की जगह केवल 9 सिर ही बने थे। इस एक सिर की चूक के कारण उपजे भारी विवाद के चलते रावण दहन तय समय पर नहीं हो सका और 24 घंटे की देरी के बाद पुतले का दहन किया गया।
कारीगर की गलती से भड़का विवाद
जानकारी के मुताबिक, सेमरिया में हर साल भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस बार पुतला बनाने वाले कारीगर से चूक हो गई और उसने रावण के 10 की जगह 9 सिर ही बनाए। जैसे ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की नजर इस पर पड़ी, तो विरोध के सुर मुखर हो गए।
9 सिर को बताया ‘अशुभ’, रुका कार्यक्रम
विरोध कर रहे लोगों का तर्क था कि दशानन रावण के 10 सिर उसकी पहचान हैं, 9 सिर वाला रावण अशुभ माना जाता है और ऐसे पुतले का दहन धार्मिक मान्यताओं के विपरीत है। देखते ही देखते आयोजन स्थल पर दो पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हंगामे को देखते हुए निर्धारित समय पर दहन टालना पड़ा। बाद में स्थिति को शांत कराकर और आवश्यक सुधार के बाद 24 घंटे की देरी से दहन प्रक्रिया पूरी हो सकी।













