तिलक महाविद्यालय में केन्द्रीय बजट 2026–27 पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन

तिलक महाविद्यालय में केन्द्रीय बजट 2026–27 पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोज
कटनी -प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आज केन्द्रीय बजट 2026–27 विषय पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन* किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई के कुशल मार्गदर्शन एवं *अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक प्रो. प्रियंका गुप्ता, डॉ. अपेक्षा मिश्रा, डॉ. रामसहोदर साकेत तथा राजनीति विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. के. पी. मिश्रा एवं डॉ अतुल कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. जागेश्वर प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्रीय बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि देश की आर्थिक दिशा और विकास दृष्टि का दर्पण होता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का बजट भारत सरकार द्वारा समावेशी विकास, रोजगार सृजन, कृषि सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तुत किया गया है। व्याख्यान में कृषि एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा एवं कौशल उन्नयन, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने जैसे प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ता ने विशेष रूप से मेक इन इंडिया एवं स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इन पहलों से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बजट से संबंधित जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा गया कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों से विद्यार्थियों में आर्थिक जागरूकता बढ़ती है और समसामयिक विषयों की समझ विकसित होती है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रो. अजय कुमार कुररिया द्वारा किया गया। अंत में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।








