वेब डेस्कः बिहार के मुख्यमंत्री नीतश कुमार ने प्रख्यात फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त करते हुये कहा कि उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीदेवी उत्कृष्ट अभिनेत्री थी। भारतीय फिल्म जगत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया गया था। अपने अभिनय से वे फिल्म प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय थी। मुख्यमंत्री ने श्रीदेवी की आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

-वहीं राजनेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा कि मुझे यकीन नहीं हो रहा कि श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। वे श्रीदेवी को याद कर रो पड़े। सिंह ने कहा कि श्रीदेवी कभी नहीं मर सकती हैं, वे सबके दिलों में हमेशा रहेंगी। उन्होंने बताया, ‘जिस शादी में वह दुबई गई थीं , मैं भी वहीं था। उन्होंने कहा कि मुझे वहां से जरूरी काम के लिए एक दिन पहले ही निकलना पड़ा। मुझे दुख है कि मैंने यह फैसला किया, वरना उनके साथ और समय बिताने का मुझे मौका मिल जाता।
-महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सिनेमा के क्षेत्र में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। अपने शोक संदेश में फडणवीस ने कहा है कि श्रीदेवी ने करीब चार दशक से भी पहले अपने करियर की शुरूआत की थी। उन्होंने कहा है ‘‘सदमा, चांदनी, लम्हे तथा इंग्लिश विंग्लिश जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं अरसे तक याद की जाएंगी।’’ फडणवीस ने कहा कि देश ने, अपने अतुलनीय अभिनय कौशल से हिंदी सिनेमा पर बरसों बरस शासन करने वाली एक प्रतिभावान अभिनेत्री को खो दिया है।
