Latestमध्यप्रदेश

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को झटका: पीडब्ल्यूडी के चिंतामण फोरलेन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, दो महीने में ही उखड़ने लगा सीसी रोड

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को झटका: पीडब्ल्यूडी के चिंतामण फोरलेन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, दो महीने में ही उखड़ने लगा सीसी रोड

उज्जैन: महाकुंभ सिंहस्थ-2028 के लिए शहर में चल रहे विकास कार्यों की पोल अभी से खुलने लगी है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जा रही चिंतामण फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह से मुकम्मल भी नहीं हुआ है, और इससे पहले ही इसकी गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। स्थिति यह है कि जंतर-मंतर के सामने महज़ दो महीने पहले ही डाले गए सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड पर अभी से दरारें और खराबी दिखने लगी है।

निर्माण कार्य पर उठ रहे गंभीर सवाल

सिंहस्थ के मद्देनजर देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। ऐसे में, जंतर-मंतर के समीप बने इस नवनिर्मित सीसी मार्ग का इतनी जल्दी उखड़ने लगना निर्माण एजेंसी और विभागीय मॉनिटरिंग पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है। स्थानीय रहवासियों और जानकारों का कहना है कि यदि सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन के कार्यों में इस तरह की लापरवाही बरती जाएगी, तो कुछ ही समय में सड़कों की स्थिति बद से बदतर हो जाएगी।

प्रशासनिक सख्ती की दरकार

समय से पहले और मानकों को ताक पर रखकर किए गए इस निर्माण कार्य के चलते स्थानीय स्तर पर नागरिकों में रोष व्याप्त है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और जिला प्रशासन क्या संज्ञान लेते हैं तथा संबंधित ठेकेदार व एजेंसी पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Back to top button