Shajapur News: SP ऑफिस टेंडर में हेरफेर का मामला, नवीन प्रिंटिंग प्रेस संचालक मोहम्मद अली पर FIR; 25 लाख की अवैध वसूली का भी आरोप
शाजापुर। पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय शाजापुर के स्टेशनरी और अन्य सामग्री का टेंडर हासिल करने के लिए दस्तावेजों में कूट-रचना (फर्जीवाड़ा) करना एक प्रिंटिंग प्रेस संचालक को भारी पड़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालघाटी पुलिस ने नवीन प्रिंटिंग प्रेस के प्रोपराइटर मोहम्मद अली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह मामला न केवल टेंडर में हेरफेर का है, बल्कि इसमें 25 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नई सड़क निवासी अंकित नागर (प्रोपराइटर, अंकित ट्रेडर्स) ने 27 अप्रैल 2026 को SP कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नवीन प्रिंटिंग प्रेस के संचालक मोहम्मद अली द्वारा पिछले तीन वर्षों से SP कार्यालय की स्टेशनरी निविदा में फर्जी दस्तावेज लगाए जा रहे हैं।
आरोप यह भी था कि टेंडर हासिल करने के उद्देश्य से मोहम्मद अली ने शपथ पत्र और गुमास्ता पंजीयन (Gumasta Registration) में दर्ज तारीखों में ‘एडिटिंग’ कर उन्हें दोबारा प्रस्तुत किया।
जांच में सामने आए तथ्य शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने विस्तृत पड़ताल की:
नोटरी अधिवक्ता के बयान
जांच में नोटरी अधिवक्ता प्रहलादचंद्र सिंदल के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि मोहम्मद अली ने 15 अप्रैल 2025 को एक शपथ पत्र नोटरी सत्यापन के लिए दिया था, जिसे रजिस्टर में क्रमांक 2398 पर प्रमाणित किया गया था। अधिवक्ता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने 13 अप्रैल 2026 को मोहम्मद अली का कोई शपथ पत्र नोटरी सत्यापित नहीं किया था, जबकि निविदा में इसी तारीख का शपथ पत्र लगा था।
गुमास्ता पंजीयन में एडिटिंग
श्रम विभाग से गुमास्ता पंजीयन की ऑनलाइन प्रति प्राप्त कर निविदा में लगे दस्तावेजों से मिलान किया गया। इसमें सामने आया कि गुमास्ता पंजीयन की तारीख में भी छेड़छाड़ (एडिटिंग) की गई थी।
आरोपी का पक्ष
पूछताछ में मोहम्मद अली ने माना कि अप्रैल 2026 की निविदा में गुमास्ता पंजीयन और शपथ पत्र लगाए गए थे, लेकिन उन्होंने दावा किया कि यह कंप्यूटर ऑपरेटर की गलती से गलत तारीख दर्ज हो गई थी। हालांकि, पुलिस जांच में इसे कूटरचना (फर्जीवाड़ा) माना गया है।
तदनुसार, जांच प्रतिवेदन और दस्तावेजों के आधार पर लालघाटी थाना पुलिस ने मोहम्मद अली पिता तैय्यब अली (उम्र 47 वर्ष, निवासी दरगाह रोड गिरवर, शाजापुर) के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
25 लाख की कथित वसूली और पुलिस की संदिग्ध भूमिका
इस चर्चित मामले में एक और गंभीर पहलू 25 लाख रुपये के लेनदेन का है। आरोप है कि प्रिंटिंग प्रेस संचालक को इस मामले में कार्रवाई से बचाने के लिए तत्कालीन एसपी के नाम पर एसपी बंगले के बाहर 25 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई थी।
शिकायत की जद में पुलिस अधिकारी और जवान भी आ रहे थे, जिसके कारण इसे जांच के नाम पर दबा दिया गया था। उल्लेखनीय है कि जिस मामले में अब नवीन प्रिंटिंग प्रेस के संचालक पर केस दर्ज हुआ है, उसकी प्रारंभिक शिकायत कोतवाली थाने में की गई थी, जिसे कोतवाली पुलिस ने कथित तौर पर छह माह तक दबाए रखा। फिलहाल, 25 लाख रुपये के अवैध लेनदेन और पुलिस अधिकारियों/कोतवाली थाना पुलिस की संदिग्ध भूमिका को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

