उचेहरा अस्पताल में सनसनी: भर्ती मरीज ने डॉक्टर पर चलाई गोली, ड्यूटी डॉक्टर की बाल-बाल बची जान
उचेहरा अस्पताल में सनसनी: भर्ती मरीज ने डॉक्टर पर चलाई गोली, ड्यूटी डॉक्टर की बाल-बाल बची जान। मध्य प्रदेश के उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भर्ती मरीज ने ड्यूटी डॉक्टर पर देशी कट्टे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि डॉक्टर बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
नासिक TCS केस: धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में 7 गिरफ्तार, निदा खान पर गिरफ्तारी की तलवार
उचेहरा अस्पताल में सनसनी: भर्ती मरीज ने डॉक्टर पर चलाई गोली, ड्यूटी डॉक्टर की बाल-बाल बची जान
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक रामपुरवा कोठी निवासी 23 वर्षीय युवक पिछले दो दिनों से अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती था। आरोप है कि वह इलाज के दौरान अनुशासनहीनता कर रहा था और बार-बार अस्पताल से बाहर जा रहा था।
शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वार्ड स्टाफ ने उसे अस्पताल के बेड पर बैठकर शराब पीते हुए देखा। सूचना पर ड्यूटी डॉक्टर मौके पर पहुंचे और उसे ऐसा करने से रोका, जिस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
डॉक्टर पर फायरिंग
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद आरोपी बाहर गया और फिर बाइक स्टार्ट करते हुए अचानक देशी कट्टे से फायर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली सीधे डॉक्टर को निशाना बनाकर चलाई गई, लेकिन वे सुरक्षित बच निकले।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में
घटना के तुरंत बाद डायल 112 को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मरीजों और स्टाफ में दहशत
इस घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ के बीच डर का माहौल है। सभी ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।इस घटना ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

