वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात झा का गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन

26 07 2024 prabhat jha 21547
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा का शुक्रवार को निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले कुछ वक्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने आज सुबह 5 बजे मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 67 वर्ष के थे।
उन्हें जून माह के अंत में भोपाल के एक निजी अस्पताल से एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम ले जाया गया था। कुछ दिन पहले सीएम मोहन यादव भी उनका हालचाल जानने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रभात झा का अंतिम संस्कार ग्वालियर या उनके पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढ़ी (बिहार) में किया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारिता से अपना कैरियर शुरू किया था। बाद में वह राजनीति में आए। भाजपा में वह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर रहे।
संक्षिप्त जीवन परिचय
प्रभात झा का जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। कुछ समय बाद उनका परिवार मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आकर बस गया। यहीं पर उनकी शिक्षा-दीक्षा हुई। उन्होंने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माधव कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। उन्होंने एक पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया था। बाद में वह राजनीति में आए और भाजपा के सक्रिय सदस्य बन गए। वह भाजपा के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के संपादक भी रहे। प्रभात झा की शादी रंजना झा से हुई थी और उनके दो बेटे हैं।
Prabhat Jha Life 2511