Sunday, May 10, 2026
Latest:
Latest

SBI का सीनियर सिटिजंस को खास तोहफा, इस स्कीम को दिसंबर अंत तक बढ़ाया

SBI Wecare Deposit: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने वैसे तो FD रेट्स में कटौती की, लेकिन देश के इस सबसे बड़े सरकारी बैंक ने सीनियर सिटिजंस को खास तोहफा प्रदान किया है। SBI ने सीनियर सिटिजंस की खास एफडी जमा योजना SBI Wecare Deposit को अब साल के अंत तक बढ़ा दिया है।

SBI Wecare Deposit में सीनियर सिटिजंस को FD की ब्याज दर पर आम लोगों की तुलना में 0.50 प्रतिशत के अधिक फायदे के अलावा 0.30 प्रतिशत का अतिरिक्त फायदा मिलता है। सीनियर सिटिजंस इस स्कीम का फायदा केवल 5 साल या उससे अधिक की अवधि वाले FD पर ही ले सकते हैं। इस स्कीम में सीनियर सिटिजंस को आम लोगों की तुलना में 0.80 प्रतिशत ज्यादा ब्याज मिलता है।

SBI ने मई में इस स्कीम की घोषणा करते हुए कहा कि इसका लाभ 30 सितंबर तक उठाया जा सकता है। अब बैंक ने इसकी डेडलाइन को बढ़ाते हुए इसे 31 दिसंबर तक कर दिया है। एसबीआई वैसे भी सीनियर सिटिजंस को सभी तरह की एफडी पर आम लोगों की तुलना में 0.50 प्रतिशत ब्याज ज्यादा ही देता है, लेकिन इस स्कीम में 5 साल या उससे ज्यादा अवधि की एफडी पर 0.80 प्रतिशत का फायदा होगा।

एसबीआई की ब्याज दर में हुए संशोधन के बाद 5 साल से ज्यादा की एफडी पर आम लोगों के लिए ब्याज दर 5.40 प्रतिशत कर दी गई है। यदि कोई सीनियर सिटिजन 5 साल या उससे अधिक की अवधि के लिए एफडी करवाएगा तो उसे अब 6.20 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा।

एसबीआई ने 2 करोड़ रुपए से कम की एक साल से लेकर दो साल से कम अवधि वाली एफडी पर ब्याज दरों में कटौती की है। यह कटौती 0.20 प्रतिशत की हुई है। यह नई दर 10 सितंबर से प्रभावी हो गई है। अब एसबीआई में 2 करोड़ रुपए से कम की एक साल से लेकर दो साल से कम अवधि वाली एफडी पर सालाना ब्याज दर 4.90 प्रतिशत हो गई है, यह पहले 5.10 प्रतिशत थी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम