दुबई में सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 100 से अधिक भारतीय गिरफ्तार, रतलाम के ऋषभ जैन का नाम भी आया सामने

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की पुलिस ने एक बड़े सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 100 से अधिक भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह का संचालन ऑनलाइन और ऑफलाइन नेटवर्क के जरिए किया जा रहा था।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार भारत के विभिन्न शहरों से जुड़े हैं। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी ऋषभ जैन का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। ऋषभ को इस गिरोह के एक अहम ऑपरेटर के रूप में देखा जा रहा है।
गिरोह पर कैसे हुई कार्रवाई?
सूत्रों के अनुसार, दुबई पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। खुफिया एजेंसियों के सहयोग से चलाए गए विशेष अभियान में इन आरोपियों को दबोचा गया। बताया जा रहा है कि यह गिरोह क्रिकेट सहित अन्य खेलों पर अवैध रूप से सट्टा लगवाने का काम करता था।
भारतीय एजेंसियां भी होंगी सतर्क
इस बड़ी कार्रवाई के बाद भारतीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो सकती हैं, क्योंकि इस गिरोह के तार भारत से भी जुड़े होने की आशंका है। फिलहाल, गिरफ्तार भारतीय नागरिकों से पूछताछ जारी है और दुबई पुलिस जल्द ही इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट जारी कर सकती है।