मुंबई की चकाचौंध छोड़ गोवा बसीं समीरा रेड्डी: 4 हजार वर्ग फीट का घर, बाग में उगते हैं एवोकाडो-काजू; अर्चना पूरन सिंह ने दिया ‘होम टूर’
गोवा: बॉलीवुड अभिनेत्री समीरा रेड्डी करीब 5 साल पहले मुंबई की चकाचौंध भरी दुनिया को अलविदा कहकर गोवा की शांत वादियों में शिफ्ट हो गई थीं। शहर बदलने के साथ-साथ समीरा ने अपने जीने का तरीका भी पूरी तरह बदल लिया है। हाल ही में मशहूर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह अपने परिवार के साथ समीरा के गोवा स्थित 4,000 स्क्वायर फीट में फैले खूबसूरत बंगले पर पहुंचीं, जहां समीरा ने उन्हें अपने घर और हरे-भरे गार्डन का ‘होम टूर’ कराया।
10 दिन के लिए आई थीं, फिर हमेशा के लिए बस गईं
समीरा रेड्डी ने बताया कि वह शुरुआत में सिर्फ 10 दिनों के लिए गोवा आई थीं, लेकिन यहां का माहौल उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने हमेशा के लिए यहीं बसने का फैसला कर लिया। हालांकि, शुरुआत में शहर की जिंदगी छोड़कर यहां सेटल होने में काफी मुश्किलें आईं। समीरा के मुताबिक, घर में रहने के दूसरे ही दिन एक सांप निकल आया था, जिससे वह बेहद डर गई थीं। लेकिन वक्त के साथ उन्होंने इस जीवनशैली को अपनाया और झाड़ू-पोंछा करने से लेकर घर के सारे काम खुद करना सीख लिया।
बांस, नीम से लेकर एवोकाडो के पेड़ों से घिरा है बंगला
समीरा का घर चारों तरफ से ऊंचे ताड़ (पाम) और ट्रॉपिकल पेड़ों से घिरा हुआ है। उनके बगीचे में बांस, नीम, चीकू, नारियल, काजू और एवोकाडो जैसे कई फलों के पेड़ हैं। खास बात यह है कि समीरा अपने बगीचे में उगने वाले इन प्राकृतिक फलों का इस्तेमाल अपनी दैनिक दिनचर्या में करती हैं। उनके इस प्राकृतिक आशियाने को देखकर अर्चना पूरन सिंह और उनका परिवार बेहद प्रभावित हुआ।
सालों बाद ‘आखिरी सवाल’ से की वापसी
वर्कफ्रंट की बात करें तो समीरा रेड्डी लंबे समय बाद इसी साल मई में रिलीज हुई पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘आखिरी सवाल’ में नजर आई थीं। अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त ने मुख्य भूमिका (प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी) निभाई थी। फिल्म में समीरा के अलावा नमाशी चक्रवर्ती, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा जैसे कलाकार भी शामिल थे।















