हीरापुर कौड़िया सेक्टर की प्रस्फुटन समितियों को प्रशिक्षण देकर कराया दायित्व बोध,नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति ने किया प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
हीरापुर कौड़िया सेक्टर की प्रस्फुटन समितियों को प्रशिक्षण देकर कराया दायित्व बोध,नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति ने किया प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोज
कटनी -मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 5 हीरापुर कौड़िया में साध्वी जन कल्याण समिति कटनी के द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की क्षमता वृद्धि हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन ग्राम पंचायत भवन हीरापुर में किया गयाl प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत हीरापुर कोरिया की सरपंच श्रीमती पुनीता बाई पटेल, उप सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप कुमार बड़गैंया,आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉक्टर तेज सिंह केशवाल और विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र की विशेष उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए परिचय प्रस्तुत किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रथम सत्र में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने जीवन में कुछ करना है तो मन को मारे मत बैठो गीत प्रस्तुत कर उपस्थित प्रतिभागियों को प्रेरणा प्रदान करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का महत्व एवं प्रशिक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में नवांकुर संस्था मंथन समाज विकास समिति बंडा के सेक्टर प्रभारी हीरामणि हल्दकार ने समग्र ग्राम विकास विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए ग्राम के समग्र विकास में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका से अवगत कराते हुए कहा कि समुदाय से समन्वय बनाकर कार्य करने से ग्राम के समग्र विकास में सभी की सहभागिता सुनिश्चित होती है।
प्रशिक्षण कार्यशाला के तृतीय सत्र में नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति अध्यक्ष साध्वी निगम द्वारा प्रस्फुटन समितियों के कार्यालय के रखरखाव ,कार्य प्रणाली एवं दस्तावेजी करण विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने स्वयं सेवी संस्थाओं के गठन प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए संस्थाओं के पंजीयन, विधान, खाता संचालन, धारा 27-28 ,प्रबंध कारिणी समिति और साधारण सभा की बैठकों और उनके प्रतिवेदन आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की एवं उपस्थित समितियों को संस्था के पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया।
चतुर्थ सत्र में जिला समन्वयक डॉ तेज सिंह केशवाल ने प्रस्फुटन समिति के उपस्थित प्रतिनिधियों को ग्राम में समन्वय बनाकर कार्य करने हेतु व शासन और समाज के बीच में सेतु के रूप में कार्य कर ग्राम में रचनात्मक वातावरण तैयार कर जन भागीदारी से ग्राम की आवश्यकता अनुसार कार्य करने संबंधी जानकारी देते हुए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले के द्वारा जीवन में रचनात्मक सोच रखते हुए तनाव मुक्त रहने के तरीकों के विषय पर जानकारी दी एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समझाया की कैसे हमारी सोच का हमारे कार्य पर असर पड़ता है।प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता के लिए उपस्थित अतिथियों के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । तत्पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों प्रतिभागियों और सहयोगी जनों के प्रति नवांकुर संस्था की सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला में सेक्टर की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों सहित नवांकुर सखियों की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण कार्यशाला में धर्मेंद्र द्विवेदी,मनदीप टुटेजा, प्रिया राय और निधि सिंह का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।








