रक्षाबंधन पर्व को लेकर महापौर ने यातायात एवं अतिक्रमण शाखा के साथ की समन्वय बैठक,राखी बाजार, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश — नागरिकों एवं व्यापारियो की सुविधा का रखे विशेष ध्यान

रक्षाबंधन पर्व को लेकर महापौर ने यातायात एवं अतिक्रमण शाखा के साथ की समन्वय बैठक,राखी बाजार, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश — नागरिकों एवं व्यापारियो की सुविधा का रखे विशेष ध्यान
कटनी । आगामी रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरूवार को यातायात एवं निगम की अतिक्रमण शाखा के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित कर पर्व के दौरान शहर की यातायात एवं बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि पर्व के दौरान बाजारों में नागरिकों की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना निगम एवं यातायात विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सेंट्रल पार्किंग में प्रभावी कार्रवाई और बाजार व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बैठक के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने सेंट्रल पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में दुकानदारों एवं ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए, ताकि पर्व के दौरान यातायात सुचारू बना रहे और नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो।
राखी बाजार हेतु व्यवस्थाएं समय पर करें पूर्ण
महापौर ने रक्षाबंधन पर्व के लिए लल्लू भैया की तलैया में चिन्हित राखी बाजार स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राखी बाजार में आने वाले व्यवसायियों के साथ-साथ खरीदारी के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए। बाजार स्थल पर आवागमन, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण किया जाए, जिससे पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति निर्मित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार मौके पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित शाखाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान शहर में स्थायी रूप से वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से न केवल पर्व के दौरान, बल्कि सामान्य दिनों में भी यातायात को सुचारू बनाए रखने और नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने में मदद मिलेगी।
जनता से संवाद कर जागरूकता एवं सहयोग की अपील
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात एवं बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जाए। नागरिकों एवं व्यापारियों को व्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण न करने, सड़क पर सामान न फैलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक कर समझाइश दी जाए। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन के साथ नागरिकों एवं व्यापारियों का सहयोग भी बेहद आवश्यक है। आपसी समन्वय एवं जागरूकता के माध्यम से ही बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित और यातायात को सुगम बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, यातायात टीआई अनूप सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह सहित नगर निगम एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








