Latest

विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव लाएगी गहलोत सरकार, सीएम ने कहा-अपने तो अपने ही होते है

जयपुर। Sachin Pilot: 15वीं राजस्थान विधानसभा का पांचवां सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। 32 दिन तक चली कांग्रेस की आंतरिक सियासत के कारण सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र के दौरान अशोक गहलोत सरकार विश्वास प्रस्ताव लाएगी।

भाजपा द्वारा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर सीएम गहलोत ने कहा कि हम खुद विश्वास प्रस्ताव लाएंगे।

गुरुवार शाम को सीएम आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में गहलोत ने कहा कि जो नाइत्तेफाकी अब तक हुई उसे भुला दीजिए, हम 19 विधायकों के बिना भी बहुमत साबित कर देते लेकिन वो खुशी नहीं होती, अपने तो अपने ही होते हैं।

उन्होंने कहा जिन विधायकों की समस्या है, जो रूठे हैं वो मुझसे अकेले में आकर मिल सकते हैं।

इस मौके पर सचिन पायलट ने छह साल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में विधायकों के मिले सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार जताया। उन्होंने गहलोत को भी धन्यवाद दिया ।

गहलोत और पायलट के बीच दूरी कम करने के लिए सोनिया गांधी के निर्देश पर संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पहले दोनों नेताओं से अलग-अलग बात की और फिर एक साथ चर्चा की। वेणुगोपाल ने दोनों खेमों के विधायकों की अलग-अलग बात सुनी। इसके बाद शाम को विधायक दल की बैठक में सभी विधायक शामिल हुए।

विधायक दल की बैठक से पहले सचिन पायलट गहलोत से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। गहलोत ने सुबह पायलट और उनके खेमे के विधायकों को फोन कर बातचीत करने के लिए बुलाया।

गहलोत ने उन्हें विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए कहा। पायलट सीएम आवास पहुंचे तो गहलोत ने हाथ मिलाकर स्वागत किया और फिर दोनो मुस्कुराए। विधायकों की खरीद-फरोख्त, फोन टैपिंग व बाड़ेबंदी जैसे मुद्दो को लेकर सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच विधानसभा में बहस होने की उम्मीद है।

Back to top button