मध्यप्रदेश

Railway News: अब दमोह स्टेशन में लहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा

जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर, सतना, रीवा और नरसिंहपुर स्टेशन के बाद अब दमोह स्टेशन में भी 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराएगा। तिरंगे का लोकार्पण 7 फरवरी को मंडल रेल प्रबंधक की उपस्थिति में दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रहलाद पटेल करेंगे। इसके लिए रेलवे द्वारा सुबह 10:30 बजे एक समारोह का आयोजन किया गया है।

7 फरवरी को फहराया जाएगा: जनता में राष्ट्रीय भावना को बढ़ाने और जागृत करने के लिए रेलवे बोर्ड ने देश के हर बड़े स्टेशनों में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराने का निर्णय लिया था।

इस निर्णय के बाद जबलपुर रेल मंडल के मुख्यालय जबलपुर में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया, फिर सतना, रीवा और नरसिंहपुर स्टेशनों में भी शुरूआत हुई। अब मंडल ने दमोह स्टेशन में तिरंगा फहराने का निर्णय लिया है।

इसको लेकर रेलवे बोर्ड की अनुमति मिल चुकी है। 7 फरवरी की सुबह 10:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक संजय विश्वास और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सांसद प्रहलाद पटेल तिरंगे का लोकार्पण करेंगे।

15 लाख रुपये से बनी संरचना: इसके लिए करीब 15 लाख रुपये की लागत से संरचना बनकर तैयार हो चुकी है। मंडल के सूत्रों का कहना है कि दमोह स्टेशन में तिरंगा फहराने के बाद अगला नंबर सागर स्टेशन का हैं। वहां भी जल्द संरचना तैयार कर 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराने की व्यवस्था की जाएगी।

विदित हो कि लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से रेलवे देश के वे सभी बड़े स्टेशन जो जिला मुख्यालय में हैं उनमें 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराने का निर्देश जारी कर चुका है।

जबलपुर रेल मंडल उन्हीं निर्देशों का पालन करते हुए अब तक 4 स्टेशनों में इसकी शुरूआत कर चुका है। दमोह मंडल का 5 वां स्टेशन है जहां 7 फरवरी को इसकी शुरूआत होने जा रही है।

 

Back to top button