सागर में अवैध हथियार की तलाश में पुलिस की दबिश, ऑटो चालक के घर मिले नोटों से भरे 4 बैग; गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन
सागर में अवैध हथियार की तलाश में पुलिस की दबिश, ऑटो चालक के घर मिले नोटों से भरे 4 बैग; गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन
सागर / भोपाल: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा में रविवार को अवैध हथियार की सूचना पर दबिश देने पहुंची पुलिस के उस वक्त होश उड़ गए, जब घर से हथियार की जगह नोटों से भरे 4 बैग बरामद हुए। नकदी इतनी अधिक थी कि पुलिस को गिनती के लिए नोट गिनने की मशीन मंगवानी पड़ी। देर रात तक नोटों की गिनती का काम जारी रहा।
रॉयल फोटो देखकर पहुंची थी पुलिस
बताया जा रहा है कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर 22 वर्षीय सौरभ अहिरवार नाम के युवक की बंदूक के साथ एक फोटो वायरल हुई थी। इस फोटो के आधार पर गोपालगंज थाना पुलिस की टीम आरोपी का पता लगाते हुए उसके तिली तिगड्डा स्थित मकान पर जांच के लिए पहुंची थी।
अवैध हथियार नहीं, मिले पैसों से भरे 4 बैग
जब पुलिस ने मकान की सघन तलाशी ली, तो वहां कोई अवैध हथियार तो नहीं मिला, लेकिन चार बड़े बैगों में ठूंस-ठूंसकर रखी गई बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और राजस्व विभाग को सूचित किया, जिसके बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
ऑटो चालक का परिवार, रहन-सहन देखकर चौंके पड़ोसी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सौरभ ऑटो चलाता है और उसके पिता पहले गैस एजेंसी में हॉकर का काम करते थे, जबकि मां दूसरे के घरों में बर्तन मांजती थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से इस सामान्य परिवार का रहन-सहन अचानक बदल गया था और उनकी आर्थिक स्थिति में अप्रत्याशित उछाल आया था।
भोपाल के इंजीनियर रिश्तेदार का बताया पैसा
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने जब्त रकम भोपाल में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार की बताई है, जो पेशे से इंजीनियर है। हालांकि, पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सौरभ का नाम पूर्व में हुए चर्चित ओमू चौरसिया हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी के दोस्त के तौर पर भी सामने आया है। पुलिस अब हत्या, संदिग्ध लेनदेन और अवैध आय से जुड़े सभी कोणों पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है।








