Wednesday, May 20, 2026
Latest:
katniLatestराष्ट्रीय

विदेशों में भारत का मान बढ़ा रहे पीएम मोदी-शरद पवार, कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा- राजनीति से ऊपर राष्ट्र हित

नई दिल्ली(YASHBHARAT.COM)। शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर विपक्ष की आलोचना के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के सम्मान और राष्ट्रीय हित से ऊपर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। शरद पवार का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस समेत विपक्षी दल पीएम मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठा रहे हैं।

मंगलवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए शरद पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे राजनीतिक विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन जब बात देश के सम्मान की हो, तब राजनीतिक मतभेदों को बीच में नहीं लाना चाहिए।

पवार ने कहा कि जब भी देशहित में मिलकर काम करने का मौका मिले, सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर भारत की ग्‍लोबल स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पीवी नरसिंह राव और मनमोहन सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि इन नेताओं ने भी हमेशा देश की प्रतिष्ठा और भविष्य को प्राथमिकता दी।

 

दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के मौजूदा विदेश दौरे पर सवाल उठाए थे। राहुल गांधी ने कहा था कि एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों से अनावश्यक विदेश यात्रा कम करने और ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खुद लगातार विदेश यात्रा कर रहे हैं।

वहीं, संजय राउत ने भी पीएम मोदी के विदेशी दौरों और विदेशों में मिलने वाले सम्मानों को लेकर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री जिस देश में जाते हैं, वहां उन्हें कोई न कोई बड़ा सम्मान मिल जाता है।

हालांकि भाजपा ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को बेहद महत्वपूर्ण बताया है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी भारत के हितों की रक्षा और ऊर्जा, तकनीक तथा रक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए अहम कूटनीतिक मिशन पर हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी 15 से 20 मई तक यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर हैं। इस यात्रा का मकसद वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना बताया जा रहा है।

 

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक