katniLatest

PM मोदी के जन्मदिवस पर 5.51 लाख दीपों से जगमगाएगा कटनी, 151 प्रमुख स्थलों और घर-आंगन में प्रज्वलित होंगे दीये

PM मोदी के जन्मदिवस पर 5.51 लाख दीपों से जगमगाएगा कटनी, 151 प्रमुख स्थलों और घर-आंगन में प्रज्वलित होंगे दीये

कटनी, यशभारतडॉट कॉम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अद्वितीय योगदान के सम्मान में 17 सितंबर (गुरुवार) की शाम पूरे कटनी जिले में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में 5 लाख 51 हजार से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर जन-आभार व्यक्त किया जाएगा।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में महीनेभर का ‘सेवा से संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न सामाजिक, जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी।

151 चिन्हित और 42 ऐतिहासिक स्थलों पर होगी विशेष रोशनी 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के 151 चिन्हित स्थानों और 42 ऐतिहासिक व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के हितग्राही और आम नागरिक अपने-अपने घरों और आंगन में दीये जलाकर इस उत्सव के सहभागी बनेंगे।

  • शहर के मुख्य स्थल: प्रेमनगर (पीएम आवास योजना शहरी), घंटाघर, माधवनगर, मोहनघाट और कटनी नदी तट।

  • प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल: रूपनाथ धाम (बहोरीबंद), मुहास मंदिर (रीठी), विजयनाथ धाम (बरही), विजयराघवगढ़ किला, लक्ष्मण सागर (बिलहरी), विष्णुवराह (कारीतलाई) तथा भारत का भौगोलिक केंद्र बिंदु करौंदी।

स्कूलों में सजेंगी चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं अभियान की अगली कड़ी में 19 से 26 सितंबर तक जिले के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी नवाचार, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचारों और कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत कर सकेंगे।

Back to top button