Latestउत्तरप्रदेश

PM मोदी आज वाराणसी को देंगे 2412 करोड़ के प्रोजेक्ट की सौगात

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी को 2412 करोड़ की सौगातों की बौछार करेंगे। प्रधानमंत्री सोमवार को करीब पौने तीन बजे सेना के विमान से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्‍त्री अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्‍टर से रामनगर के राल्‍हूपुर पहुंचकर मल्‍टी मॉडल टर्मिनल (बंदरगाह) का लोकार्पण करेंगे।
pm modi mirzapur 2018715 101936 15 07 2018
साथ ही हल्‍दिया से पेप्सिको का सामान लेकर आए जलपोत का स्‍वागत कर गंगा में जल परिवहन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद करीब चार बजे पीएम एयरपोर्ट से शहर के बीच पड़ने वाले वाजिदपुर गांव में जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे। इस दौरान पीएम काशी को 2412 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

इसमें दस परियोजनाओं का लोकार्पण होना है जबकि सात का शिलान्‍यास होगा। इन परियोजनाओं में महत्‍वपूर्ण रूप से निर्मल गंगा के लिए 425.41 करोड़ का सीवरेज इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर प्रोजेक्‍ट, 812.59 करोड़ का बाबतपुर फोरलेन मार्ग, जल परिवहन के लिए 208 करोड़ का मल्‍टी मॉडल टर्मिनल और 759.36 करोड़ का रिंग रोड प्रथम चरण का लोकार्पण शामिल है।

पीएम द्वारा सभा के बाद नवनिर्मित रिंगरोड व फोरलेन पर रोड शो किए जाने की भी संभावना है। शाम करीब सात बजे तक पीएम एयरपोर्ट से दिल्‍ली रवाना हो जाएंगे।

साथ होंगे गडकरी और सीएम योगी
cm yogi

प्रधानमंत्री के साथ एयरपोर्ट से ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ होंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्‍यमंत्री डा. सत्‍यपाल सिंह, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय, डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, यूपी के मंत्री सुरेश खन्‍ना और मछलीशहर सांसद रामचरित निषाद होंगे।

– ये परियोजनाएं होंगी लोकार्पित

  • 812.59 करोड़ : बाबतपुर फोरलेन दो लेन संकरे रास्ते से मुक्ति मिली, कम समय में पहुंचेंगे बाबतपुर।

  • 759.36 करोड़ : रिग रोड प्रथम फेज – आजमगढ़, गाजीपुर व जौनपुर हाइवे पर ट्रैफिक बिना शहर में प्रवेश किए बाहर से गुजर जाएगी।

  • 208.00 करोड़ : मल्टीमॉडल टर्मिनल – जल परिवहन को बढ़ावा व 2000 लोगों को रोजगार के अवसर।

  • 186.48 करोड़ : दीनापुर एसटीपी – रोजाना शहर से निकलने वाले 140 एमएलडी सीवरेज का शोधन

  • 34.01 करोड़ : सीवरेज पंपिंग स्टेशन – सिस वरुणा क्षेत्र में गंगा व वरुणा नदी में मलजल को गिरने से रोका जाएगा।

  • 155.87 करोड़ : इंटरसेप्शन सीवर व पंपिंग मेन कार्य – तीन पंपिंग स्टेशनों से सीवर लिफ्ट कर एसटीपी में पहुंचेगा मल-जल।

  • 139.41 करोड़ : आइपीडीएस से विद्युत सुधार – बिजली उपलब्धता में वृद्धि के अलावा लाइन लॉस रुक सकेगा।

  • 2.79 करोड़ : तेवर ग्राम पेयजल योजना – 15 बस्तियों की 6452 आबादी को पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल आपूर्ति।

  • 1.70 करोड़ : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय देईपुर में छात्रावास – आठवीं उत्तीर्ण अनुसूचित जाति, जनजाति व अल्पसंख्यक बालिकाओं को माध्यमिक स्तर की शिक्षा प्रदान करना।

  • 1.53 करोड़ : परमानंदपुर शिवपुर में आश्रय योजना – 50 निराश्रितों को लू व ठंड से बचाने के लिए ठहरने की व्यवस्था।

इनका करेंगे शिलान्यास

  • 72 करोड़ : इंटरसेप्शन डाइवर्जन आफ ड्रेन एंड ट्रीटमेंट वर्क रामनगर -औद्योगिक क्षेत्र व रामनगर का प्रदूषित जल गंगा में नहीं जाएगा।

  • 2.36 करोड़ : किला कटरिया मार्ग पर आइआरक्यूपी कार्य – सुगम होगा यातायात

  • 3.16 करोड़ : पड़ाव से रामनगर टेंगरा मोड़ मार्ग पर आइआरक्यूपी कार्य – चंदौली से मीरजापुर, सोनभद्र होते हुए बिहार तक की राह होगी सुगम। – – 20.99 करोड़ : लहरतारा-बीएचयू मार्ग पर रेज्ड फुटपाथ का निर्माण – जाम खत्म हो जाएगा, पैदल चलने वाले राहगीरों को सहूलियत।

  • 4.94 करोड़ : रामनगर डोमरी में हेलीपोर्ट निर्माण – हेलीकाप्टर से हवाई दर्शन सेवा की होगी शुरुआत।

  • 4.44 करोड़ : ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्र – कुशल ड्राइवर के लिए प्रशिक्षण।

  • 3.24 करोड़ : सर्किट हाउस में प्रथम तल पर मीटिंग हाल का सुंदरीकरण – अधिकारियों को योजनाओं पर मंथन करने के लिए उपयुक्त स्थान सुलभ।

Leave a Reply

Back to top button