
बहिष्कार की धमकी देकर पलटा पाकिस्तान, विश्व कप के लिए किया टीम का एलान; बाबर और शाहीन शामिल
पाकिस्तान ने रविवार को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बयान दिया था कि टीम का इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलना पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्णय पर निर्भर है। इतना ही नहीं उसने तो विश्व कप का बहिष्कार करने तक की धमकी दी थी। हालांकि, अब पीसीबी ने टीम का एलान कर दिया। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में सलमान अली आगा की कप्तानी में खेलने उतरेगा।
बांग्लादेश प्रकरण पर बीच में कूदा था पाकिस्तान
पाकिस्तान ने बांग्लादेश मामले को लेकर टांग अड़ाई थी और आईसीसी के फैसले की आलोचना की थी। आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। नकवी ने इस मामले को लेकर आईसीसी को घेरा था और पक्षपात का आरोप लगाया था। नकवी ने यह भी कहा था कि टी20 विश्व कप में खेलने पर अंतिम निर्णय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा के बाद लिया जाएगा। हालांकि, इसके अगले ही दिन पाकिस्तान ने टीम घोषित कर दी जो इस बात का संकेत है कि टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।








