Latest

KMP एक्सप्रेसवे पर यूपी पुलिस के 5 जवानों की दर्दनाक मौत, ओवरटेक के चक्कर में काल बनी रफ्तार

नूंह/हरियाणा: KMP एक्सप्रेसवे पर यूपी पुलिस के 5 जवानों की दर्दनाक मौत, ओवरटेक के चक्कर में काल बनी रफ्तार,हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक हृदय विदारक दुर्घटना हुई। धुलावट टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने से उत्तर प्रदेश पुलिस के 5 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

ओवरटेक करने की कोशिश बनी मौत का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर से आ रही थी। सुबह करीब 10:30 बजे धुलावट टोल के पास चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी गाड़ी असंतुलित होकर सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जा टकराई। भीषण टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और जवान गाड़ी के अंदर ही फंस गए।

UP के जालौन जिले में तैनात थे सभी जवान

तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम यादव ने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी मृतक उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे। पुलिस ने जालौन के एसपी से संपर्क कर परिजनों को सूचित कर दिया है। राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।

हादसे की मुख्य बातें:

  • स्थान: धुलावट टोल प्लाजा के पास, KMP एक्सप्रेसवे।
  • समय: मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे।
  • वजह: तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना।
  • मृतक: यूपी पुलिस के 5 जवान (जालौन जिला)।

Back to top button