टांके लगाने के लिए दिया गया एनेस्थीसिया; डेढ़ साल के मासूम की मौत
कन्नूर : केरल के कन्नूर जिले से एक बेहद झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते समय लगी मामूली चोट का इलाज कराने पहुंचे डेढ़ साल के एक बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। बच्चे को चेहरे पर टांके लगाने के लिए एनेस्थीसिया (बेहोशी की दवा) दिया गया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। पीड़ित माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल की संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मेडिकल लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेलते समय लगी थी मामूली चोट
मिली जानकारी के अनुसार, पयन्नूर के रहने वाले सूरज और विजीशा के डेढ़ साल के बेटे देवांश शौर्य को पिछले रविवार को खेलते समय चेहरे पर मामूली चोट लग गई थी। गिरने की वजह से उसके होंठ और ठुड्डी (Chin) के पास की चमड़ी कट गई थी और खून बह रहा था।
परिजन उसे तुरंत पय्यानूर के ‘बेबी मेमोरियल हॉस्पिटल’ लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने घाव को देखते हुए टांके लगाने (Stitches) की जरूरत बताई। शुक्रवार को जब टांके लगाने के लिए मासूम को एनेस्थीसिया दिया गया, तो उसकी हालत अचानक बेहद गंभीर हो गई और शुक्रवार रात को ही उसकी मौत हो गई।
8 साल के लंबे इंतजार के बाद हुआ था जन्म
इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि सूरज और विजीशा के विवाह के 8 साल लंबे इंतजार और मन्नतों के बाद देवांश का जन्म हुआ था। मासूम की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के आरोपों के बाद पुलिस ने अस्पताल की डॉक्टर अंजली पोडुवल के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। टांके लगाने के लिए दिया गया एनेस्थीसिया; डेढ़ साल के मासूम की मौत
बेबी मेमोरियल हॉस्पिटल ने दी सफाई
घटना के बाद मचे हड़कंप के बीच ‘बेबी मेमोरियल हॉस्पिटल’ प्रशासन ने बच्चे की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी सफाई जारी की है:
-
लापरवाही से इनकार: अस्पताल प्रशासन ने शुरुआती तौर पर किसी भी तरह की मेडिकल चूक या लापरवाही से साफ इनकार किया है।
-
मानकों का पालन: प्रबंधन का दावा है कि बच्चे को स्थापित मेडिकल स्टैंडर्ड्स के मुताबिक पूरी देखभाल और उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं दी गई थीं।
-
जांच में सहयोग का भरोसा: अस्पताल ने कहा है कि वे मामले की कानूनी कार्यवाही और पुलिस जांच में हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परियारम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








