अग्निशमन सेवा दिवस पर फायर ब्रिगेड कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता रैली का हुआ आयोजन,निगमायुक्त, पार्षदों एवं अधिकारियों ने दी शहीद फायरकर्मियों को श्रद्धांजलि,हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को किया गया रवाना
अग्निशमन सेवा दिवस पर फायर ब्रिगेड कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता रैली का हुआ आयोजन,निगमायुक्त, पार्षदों एवं अधिकारियों ने दी शहीद फायरकर्मियों को श्रद्धांजलि,हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को किया गया रवान
कटनी – नगर पालिक निगम कटनी के सिविल लाइन स्थित अग्निशमन कार्यालय में मंगलवार प्रातः अग्निशमन सेवा दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, निगम प्रशासन एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा वर्ष 1944 में मुंबई डॉकयार्ड में हुए भीषण विस्फोट में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए 66 दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद श्री अवकाश जायसवाल, मौसुफ अहमद बिट्टू, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
दमकल कर्मियों की भूमिका सराहनीय : निगमायुक्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि अग्निशमन कर्मी विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां अपनाएं तथा जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। साथ ही, अग्निशमन कार्यालय के सुचारु संचालन हेतु आधुनिक संसाधन एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी निगमायुक्त द्वारा दिया गया।
जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर निगमायुक्त एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तीन फायर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नागरिकों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करते रहे। रैली के माध्यम से आग लगने की स्थिति में तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना देने, विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करने तथा ज्वलनशील पदार्थों के प्रति सतर्कता बरतने जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन दल के कर्मियों द्वारा अग्निशमन गीत की शानदार प्रस्तुति दी गई।
उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस 14 अप्रैल 1944 को मुंबई (तत्कालीन बॉम्बे) में ‘एसएस फोर्ट स्टिकाइन’ जहाज पर लगी भीषण आग एवं विस्फोट की घटना की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें 66 दमकल कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस दिवस का उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों के साहस और बलिदान को सम्मान देना तथा आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे, पारसनाथ प्रजापति, कर्मचारी संघ अध्यक्ष एवं निगम के पूर्व अधिकारी गणेश बिचपुरिया, विष्णु प्रसाद साहू, श्रीराम चौरसिया, अरविंद प्यासी, समाजसेवी अजय सरावगी, भवानी तिवारी सहित फायर अमले के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

