Site icon YASHBHARAT.COM

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच समंदर में ‘साइबर वॉर’ का नया मोर्चा: 50 से ज्यादा तेल और केमिकल टैंकरों पर साइबर हमले की आशंका, अमेरिका को ईरान और रूस पर शक

pandubbi

pandubbi

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच समंदर में ‘साइबर वॉर’ का नया मोर्चा: 50 से ज्यादा तेल और केमिकल टैंकरों पर साइबर हमले की आशंका, अमेरिका को ईरान और रूस पर शक

वॉशिंगटन। मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष के बीच अब समुद्री व्यापार मार्गों पर साइबर हमलों का नया खतरा मंडराने लगा है। अमेरिका को संदेह है कि ईरान समंदर में मालवाहक जहाजों और ऊर्जा टैंकरों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर साइबर हमले कर रहा है। अमेरिकी अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ (Wall Street Journal) की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, करीब 50 जहाजों पर साइबर हमले किए जाने की आशंका जताई गई है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट गहरा सकता है।

तेल, एलपीजी और केमिकल ले जाने वाले जहाज निशाने पर

रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर हमलों की जद में आए इन जहाजों में कच्चे तेल के टैंकर, एलपीजी (LPG) वाहक, केमिकल उत्पादों के जहाज और अन्य संवेदनशील व खतरनाक सामग्रियों की ढुलाई करने वाले जलपोत शामिल हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियां इन हमलों के पीछे ईरान की संभावित भूमिका की पड़ताल कर रही हैं, वहीं अधिकारियों को इस साजिश में रूस के भी शामिल होने का संदेह है।

हॉर्मूज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, बम से उड़ाने की धमकियां भी मिलीं

अमेरिका और ईरान के बीच टकराव का प्रमुख केंद्र बने हॉर्मूज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में इस घटनाक्रम से चिंता और बढ़ गई है। इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते पर जहाजों की आवाजाही बाधित होने से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल सप्लाई पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। बताया जा रहा है कि कुछ जहाजों को चेतावनी संदेश और बम से उड़ाने की धमकियां भी प्राप्त हुई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पारंपरिक सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ साइबर ऑपरेशंस का इस्तेमाल कर समुद्री क्षेत्र में रणनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

Fortinet राउटर्स की खामी का उठाया गया फायदा, U.S. कोस्ट गार्ड अलर्ट

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने समुद्री जहाजों में संचार के लिए इस्तेमाल होने वाले Fortinet राउटर्स की एक तकनीकी खामी (vulnerability) का फायदा उठाकर सिस्टम में सेंध लगाई है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी तटरक्षक बल (U.S. Coast Guard) ने अमेरिका की ओर बढ़ रहे प्रभावित जहाजों की सुरक्षा और तकनीकी सहायता के लिए विशेष साइबर सुरक्षा टीमों को तैनात कर दिया है।

Exit mobile version