ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित: जीतू पटवारी की मंजूरी के बाद सुरेंद्र यादव को फिर मिली कमान

jeetu Patwari

ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित: जीतू पटवारी की मंजूरी के बाद सुरेंद्र यादव को फिर मिली कमान

  • लंबे समय से चल रही संगठनात्मक खींचतान और असंतोष के बाद जारी हुई नई टीम की सूची
  • पहले प्रवीण पाठक और सतीश सिकरवार के समर्थकों के इस्तीफे के बाद स्थगित करनी पड़ी थी पुरानी सूची

ग्वालियर। ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस में लंबे समय से चल रही संगठनात्मक खींचतान और अंदरूनी कलह के बाद आखिरकार नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी की मंजूरी के बाद संगठन की इस नई टीम की घोषणा की गई है। नई सूची में सुरेंद्र यादव पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विरोध और इस्तीफों के बाद रोकनी पड़ी थी पिछली सूची

गौरतलब है कि इससे पहले घोषित की गई शहर कार्यकारिणी को लेकर पार्टी के भीतर तीखा विरोध और असंतोष देखने को मिला था। पुरानी सूची जारी होने के बाद पूर्व विधायक प्रवीण पाठक और वर्तमान विधायक सतीश सिकरवार के समर्थकों ने नाराजगी जताते हुए अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। बढ़ते विवाद और गुटबाजी को शांत करने के लिए प्रदेश नेतृत्व को हस्तक्षेप करते हुए पहले घोषित की गई टीम पर तत्काल प्रभाव से रोक लगानी पड़ी थी।

अब सभी गुटों में सामंजस्य बैठाने के प्रयासों के बीच जीतू पटवारी की स्वीकृति से यह नई कार्यकारिणी जारी की गई है, ताकि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावों के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।