विगढ़ में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

विगढ़ में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
कटनी -मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित नवांकुर योजना के तहत महिलाओं की स्वैच्छिक सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली विस्तार के उद्देश्य से नवांकुर सखी हरियाली यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति, विजयराघवगढ़ के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं युवाओं एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण पौधारोपण पौधों की देखभाल तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवसीय गतिविधि न मानते हुए इसे निरंतर जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। राहत समर्पण सेवा समिति की नर्सरी तैयार किए गए 100 पौधों को इस अभियान में शामिल किया गया। इन पौधों में आम आंवला एवं मोरिंगा जैसी उपयोगी एवं पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण प्रजातियां शामिल रहीं। संस्था द्वारा तैयार पौधों को स्थानीय स्तर पर रोपित कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी लेने के लिए समुदाय को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत कन्या शाला विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण गतिविधि भी आयोजित की गई। इस अवसर पर पौधारोपण के साथ साथ छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को पेड़ों के महत्व पर्यावरण संतुलन जल संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती आरती गुप्ता राहत समर्पण सेवा समिति के अध्यक्ष शारदा प्रसाद साहू चन्द्रभान पाल नगर विकास प्रस्फुटन समिति, विजयराघवगढ़ के अध्यक्ष सतीश गुप्त सचिव अभिजीत सिंह सदस्य छवि ताम्रकार सहित अन्य नवांकुर सखियां एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम राजकोटि प्रांगण विजयराघवगढ़ में सम्पन्न हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने महिलाओं की सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने का सकारात्मक संदेश दिया।








