MY WALLET से घर बैठे मिलेंगी 96 से अधिक नागरिक सेवाएं, सरकारी दस्तावेजों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति,डिजिटल गवर्नेंस और पेपरलेस प्रशासन को बढ़ावा देने मध्यप्रदेश सरकार की अभिनव पह
कटनी। नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, सहज एवं पारदर्शी तरीके से घर बैठे उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विकसित डिजिटल डॉक्यूमेंट प्लेटफॉर्म ‘MY WALLET’ महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक अपने आवश्यक शासकीय दस्तावेजों को कभी भी और कहीं से भी डिजिटल स्वरूप में प्राप्त, सुरक्षित संग्रहित एवं आवश्यकतानुसार साझा कर सकते हैं। इससे दस्तावेजों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी तथा नागरिकों के समय और श्रम की बचत के साथ सेवाओं की उपलब्धता भी आसान होगी।
96 से अधिक नागरिक सेवाएं प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
MY WALLET प्लेटफॉर्म पर ई-नगरपालिका (eNP), ABPAS, भोपाल नगर निगम (BMC) सहित विभिन्न विभागों की 96 से अधिक नागरिक सेवाओं से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं। इनमें संपत्ति कर एवं जलकर की रसीदें, व्यापार लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र, विवाह प्रमाणपत्र, भवन अनुज्ञा, संपत्ति नामांतरण सहित अन्य महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज शामिल हैं। नागरिक इन दस्तावेजों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखकर आवश्यकता पड़ने पर आसानी से उपयोग कर सकते हैं।
डिजिटल एवं पेपरलेस प्रशासन को मिलेगा बढ़ावा
मध्यप्रदेश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी तक लाभ पहुंचाने की क्षमता वाला यह प्लेटफॉर्म डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने के साथ पेपरलेस प्रशासन और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को प्रोत्साहित करता है। डिजिटल माध्यम से दस्तावेजों की उपलब्धता से शासकीय सेवाओं की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनाने में भी मदद मिलेगी।
निगम प्रशासन की नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे MY WALLET एप्लीकेशन डाउनलोड कर डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपने आवश्यक शासकीय दस्तावेज घर बैठे प्राप्त करने की सुविधा का उपयोग करें। यह एप्लीकेशन एंड्रॉयड एवं iOS मोबाइल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए लिंक :
- Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.urbanlocker.mpurban
- Apple App Store: https://apps.apple.com/in/app/mp-locker/id6756489312











