कटनी (23 अप्रैल)। एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026: त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू, अभ्यर्थियों को 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय नवीन जांच प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग तथा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से तलाशी ली जाएगी।
जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष वीक्षकों द्वारा और महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को यह विकल्प दिया गया है कि वे अपनी जांच पुरुष या महिला कर्मचारी से करवाना चुन सकते हैं।
परीक्षा प्रक्रिया के तहत दोनों सत्रों में त्रिस्तरीय जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से 90 मिनट पूर्व पहुंचना होगा।
परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की जानकारी चस्पा की जाएगी, जिसका पालन करना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थी केवल बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल और ई-प्रवेश आईडी कार्ड ही साथ ले जा सकेंगे।
राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार 26 अप्रैल को ओएमआर पद्धति से दो सत्रों में किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2:15 बजे से 4:15 बजे तक होगा। यह परीक्षा प्रदेश के 54 जिला मुख्यालयों के 365 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।

