MP Weather Update : समुद्री तूफान के चलते 18, 19 अक्टूबर को मध्यप्रदेश में बारिश
MP Weather Update : इस सप्ताह मध्य प्रदेश में लोगों को झुलसती गर्मी से राहत मिली क्योंकि बंगाल की खाड़ी से उठे समुद्री तूफान के चलते तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
हालांकि यह बारिश दक्षिण भारत के अधिकांश शहरों में हुई लेकिन इसके असर के चलते मप्र का भी मौसम बदल गया है। मौसम के जानकारों का ताजा अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है। मप्र के अलावा छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी बारिश देखने को मिलेगी।
ताजा अनुमान के अनुसार जबलपुर, होशंगाबाद, भोपाल, इंदौर संभाग में कहीं-कहीं बरसात होने की उम्मीद है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिणी मप्र के जिलों में शुक्रवार और शनिवार को भी बरसात होने के आसार हैं। पश्चिम मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश होगी।
ग्वालियर-चंबल संभाग सहित शेष प्रदेश में मध्यम से हल्की बारिश के आसार रहेंगे। ग्वालियर शहर में मध्यम बारिश होने के आसार हैं।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इसके प्रभाव से महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बरसात हो रही है। स्कायमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी मध्य प्रदेश और उत्तरी कोंकण और गोवा में कुछ हिस्सों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिरने की संभावना है।

