सांसद वीडी शर्मा और विधायक संजय पाठक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के आला अधिकारियों के साथ दुर्घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाली और सुरक्षा इंतजामों में कमी को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई गई और सुगम व सुरक्षित यातायात के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं: अधिकारियों को मिले ये सख्त निर्देश
हादसे दोबारा न हों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए मौके पर ही अधिकारियों को निम्नलिखित काम तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए:
-
24 घंटे में गड्ढे भरने का अल्टीमेटम: लमतरा ओवरब्रिज के नीचे और आसपास के मार्ग पर जितने भी जानलेवा गड्ढे हैं, उन्हें अगले 24 घंटों के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
रूट डायवर्जन: यातायात के दबाव को कम करने और सुरक्षित आवागमन के लिए तत्काल प्रभाव से अस्थायी रोड डायवर्ट करने की योजना बनाने को कहा गया।
-
देवरी ओवरब्रिज पर लगेंगे बड़े संकेतक (Signboards): जबलपुर से कटनी आने वाले मार्ग पर देवरी ओवरब्रिज (बजरंग नगर पीर बाबा के पहले) पर वाहन चालकों को कटनी आने का सही रास्ता दिखाने के लिए बड़े और स्पष्ट संकेतक (साइनबोर्ड) लगाए जाएंगे, ताकि भ्रम की स्थिति न बने।
-
दीवाल के रोड डिवाइडर का निर्माण: देवरी ओवरब्रिज के पास मजबूत दीवाल वाले रोड डिवाइडर बनाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारी ट्रक या अन्य वाहन अनधिकृत रूप से सड़क किनारे खड़े न हो सकें, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
पीड़ित परिवारों को ढांढस, मुख्यमंत्री से की गई है मदद की अपील
निरीक्षण के दौरान सांसद वीडी शर्मा और विधायक संजय पाठक ने कहा कि इस हादसे में तीन अमूल्य जानें गई हैं, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। लेकिन भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों को तुरंत दूर किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले विधायक संजय पाठक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा कर मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए समुचित आर्थिक सहायता और उचित इलाज की मांग भी की थी।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें समय सीमा के भीतर सभी सुरक्षात्मक उपाय पूरे करने की चेतावनी दी गई है।