Site icon Yashbharat.com

MP Politics : हनीट्रैप में जिसका वीडियो वायरल हुआ, उसे कांग्रेस ने फिर बनाया जिला अध्यक्ष

manoj trivedi

भोपाल। मध्‍य प्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में फंसे इस्‍तीफा दे चुके छतरपुर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने फिर इसी पद का प्रभार सौंप दिया है। हनीट्रैप मामले में मनोज त्रिवेदी से जुड़े वायरल वीडियो में एक महिला भी दिखाई दे रही थी, जिसका संबंध कथित रूप से हनीट्रैप की आरोपित से था। इसके बाद मनोज त्रिवेदी ने जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

ठंडे बस्‍ते में चली गई एसआइटी की जांच

तत्‍कालीन कमल नाथ सरकार के कार्यकाल के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में कई राजनेताओं, आला प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के नाम आए थे। बाद में महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद एसआइटी की जांच सौंपी गई, मगर एसआइटी की जांच ठंडे बस्ते में चली गई है। इस चर्चित मामले में उसी समय एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें प्रकरण से एक महिला आरोपित और छतरपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी के वीडियो में दिख रहे थे। मनोज त्रिवेदी ने इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को जिला कांग्रेस अध्‍यक्ष के पद से इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद जिला अध्यक्ष का कामकाज सरमन लाल मिश्रा देखने लगे थे।

छतरपुर में बनी उपचुनाव की स्थिति

पिछले सप्ताह अचानक जिले की राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और बड़ा मलहरा के विधायक कुंवर प्रद्मुम्न सिंह लोधी ने विधायकी से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे से विधानसभा की सीट रिक्त हो गई और यहां भी उपचुनाव की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि इसके बाद छतरपुर के स्थानीय नेताओं की सक्रियता बढ़ी है। जिले के कुछ विधायक जिला संगठन की सक्रियता पर सवाल उठाते दिखे।

इसे लेकर पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ से भी मुलाकात की। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश नेतृत्व के सामने स्थानीय नेताओं ने त्रिवेदी की पैरवी की और पता चला कि जल्‍दबाजी में उनके इस्तीफे की तलाश की गई। इस्तीफा को रिकॉर्ड में लेकर नामंजूर करते हुए उन्हें जिला अध्यक्ष के रूप में फिर से काम करने के निर्देश जारी किए गए।

इस्तीफा नामंजूर

मप्र कांग्रेस के प्रशासन प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह ने कहा कि मनोज त्रिवेदी के इस्तीफे को नामंजूर करते हुए उन्हें फिर से जिला अध्यक्ष का काम संभालने को कहा है। सरमन लाल मिश्रा कार्यकारी अध्यक्ष ही रहेंगे।

Exit mobile version