MP Board Exam Pravesh Patra: बोर्ड परीक्षाओं को त्रुटिरहित बनाने के लिए एमपी बोर्ड ने जारी किए ऑनलाइन डमी प्रवेश पत्र

MP Board exam

MP Board Exam Pravesh Patra: बोर्ड परीक्षाओं को त्रुटिरहित बनाने के लिए एमपी बोर्ड ने जारी किए ऑनलाइन डमी प्रवेश पत्र

ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने आगामी वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं (कक्षा 10वीं व 12वीं) को पूरी तरह त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अक्सर बोर्ड परीक्षाओं के दौरान अंतिम समय पर प्रवेश पत्र व मार्कशीट में छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, फोटो या विषय संबंधी त्रुटियां सामने आती हैं, जिससे विद्यार्थियों और परीक्षा केंद्रों पर तैनात अमले को परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बोर्ड ने मुख्य परीक्षा से पहले ही ऑनलाइन डमी प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।

केवल जांच के लिए हैं डमी प्रवेश पत्र बोर्ड अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर अपलोड किए गए ये डमी प्रवेश पत्र हूबहू असली प्रवेश पत्रों के प्रारूप पर आधारित हैं, लेकिन इनका उपयोग मुख्य परीक्षा के दौरान केंद्र में प्रवेश के लिए नहीं किया जा सकेगा। इन्हें जारी करने का एकमात्र उद्देश्य यह है कि मुख्य प्रवेश पत्र प्रिंट होने से पहले ही संबंधित डेटा की सूक्ष्मता से जांच कर ली जाए और बोर्ड के रिकॉर्ड में दर्ज जानकारियां शत-प्रतिशत सही रहें।

प्राचार्यों और शिक्षकों को सौंपी गई मिलान की जिम्मेदारी मंडल ने इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेने के लिए प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों एवं कक्षा शिक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रत्येक स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक अपने विद्यालय के सभी परीक्षार्थियों के डमी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर स्कूल के मूल दाखिल-खारिज रजिस्टर से उनका मिलान करेंगे।

इसे भी पढ़ें-  त्रिपुरा निकाय चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा धमाका: 77 सीटों पर मिली निर्विरोध जीत; 5 नगर निकायों पर बिना वोटिंग जमाया कब्जा

निर्धारित शुल्क के साथ हो सकेगा ऑनलाइन संशोधन डमी प्रवेश पत्रों की जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है, तो स्कूल प्रबंधन निर्धारित ऑनलाइन शुल्क जमा करके पोर्टल के माध्यम से समय-सीमा के भीतर उसमें आवश्यक संशोधन करा सकेगा। समय रहते सुधार हो जाने से बाद में जारी होने वाले अंतिम प्रवेश पत्र पूरी तरह त्रुटिरहित होंगे, जिससे परीक्षा के समय होने वाली अनावश्यक भागदौड़ पर अंकुश लगेगा।

वर्जन: “बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के डमी प्रवेश पत्र बोर्ड ने भेजे हैं। सभी के प्रिंट लेकर जांचा जा रहा है और छात्रों को भी दिखाया जा रहा है। यदि कोई कमी होती है तो उसे लाल पेन से मार्क कर पोर्टल पर ठीक कर दिया जाता है। इससे प्रवेश पत्र त्रुटिरहित आएगा और मार्कशीट में भी गलतियां कम आएंगी, जिससे छात्रों को परेशानी नहीं होगी।” — रविंद्र शर्मा, प्राचार्य, सांदीपनि पद्मा विद्यालय, ग्वालियर