भोपाल। पीएम मोदी की इंदौर सभा के बाद एक बार फिर बीजेपी के विधायकों और सांसदों को भीड़ जुटाने का टारगेट दे दिया गया है. इस बार 14 जुलाई कोअमित शाह की उज्जैन रैली में बीजेपी अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ जुटाने की तैयारी कर रही है जिससे विधानसभा चुनाव में सीधा संदेश जा सके कि जनता बीजेपी के साथ है.
दरअसल, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उज्जैन से बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा की शुरुआत करेंगे. वह यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रदेश मुखिया शिवराज सिंह चौहान समेत सारे मंत्री महाकाल की शरण में पहुंचकर विजयश्री का आशीर्वाद मांगेंगे. इस मौके पर होने वाली सभा के लिए दो लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके लिए भीड़ का जिम्मा इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर समेत आसपास के जिलों के सांसदों, विधायकों को सौंपी गई है. पार्षदों, विधायकों और सांसदों को कहा गया है कि बीजेपी की यह सभा अब तक की सबसे बड़ी सभा होगी, जिसमें भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी आपकी है. बहरहाल अब की बार दो सौ पार के नारे के साथ बीजेपी बूथ जीता-चुनाव जीता के सूत्र वाक्य पर फोकस कर रही है. सभी बैठकों में नेता इसी बात पर जोर दे रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए.वहीं कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी की मंदसौर रैली में ढाई लाख से ज्यादा की भीड़ उमड़ी थी. कांग्रेसियों का कहना है कि बीजेपी के आयोजनों में भीड़ कम होती जा रही है जबकि भीड़ जुटाने के लिए बीजेपी सारे संसाधन जुटाकर कार, बस तक कार्यकर्ताओं को दे रही है. इसके बावजूद फिर भी भीड़ जुटाने में बीजेपी कामयाब नहीं हो पा रही है. सारी कोशिशों के बावजूद पीएम मोदी की सभा में महज 30 से 35 हजार लोग ही जुट पाए थे. कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सज्जन वर्मा का कहना है कि बीजेपी से जनता का मोह भंग हो गया है .बीजेपी के सारे नेता जुट जाएं तब भी राहुल गांधी से ज्यादा भीड़ नहीं जुटा पाएंगे.
MP : 14 जुलाई को अमित शाह करेंगे रैली, सांसदों को मिला यह टारगेट

