Latestमध्यप्रदेश

MP विधानसभा चुनाव टिकट के लिए भाजपाई मैदान में तो दिल्ली में कांग्रेसी!

भोपाल। विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों ही दलों में मारा-मारी मची है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा चुनाव मैदान में दिखाई दे रही है। जबकि कांग्रेस नेता से लेकर दावेदार तक सभी दिल्ली में डेरा डाले हैं।

राहुल गांधी के चुनाव शंखनाद के लिए भोपाल में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के बाद से अब तक प्रदेश के नेताओं के अपने क्षेत्र के अलावा अन्य इलाकों में न तो दौरे हुए हैं और न ही चुनावी रैली या अन्य कार्यक्रम। दिल्ली में प्रदेश के करीब डेढ़ से दो हजार नेताओं का जमघट है और क्षेत्र में पार्टी का प्रचार ठंडा पड़ा है।

चुनाव के लिए करीब-करीब एक महीने का समय शेष बचा है। कांग्रेस में प्रत्याशियों के लिए मचे घमासान के कारण प्रदेश में पार्टी के प्रचार के नाम पर सन्नाटा पसरा पड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 17 सितंबर को चुनावी शंखनाद से लेकर अब तक केवल उनके दौरे के दौरान ही पार्टी के नेताओं की प्रदेश में मौजूदगी दिखाई दे रही है।

चाहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को ले लें या चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को, वे राहुल के दौरों के अलावा केवल अपने-अपने संसदीय क्षेत्र में ही पहुंचे हैं। नाथ केवल 25 सितंबर को सागर में रोड शो करने गए थे, जबकि सिंधिया ग्वालियर, दतिया में पहुंचे।

प्रदेश के नेताओं के यहां परिक्रमा

दिग्गज नेताओं से लेकर दावेदारी के लिए आवेदन करने वाले नेता दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिाी के निवास, पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के यहां परिक्रमा लगा रहे हैं। इन दिनों दिल्ली में प्रत्याशियों के चयन को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकें चल रही हैं। इस महीने में तीसरी बार स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो रही है। एक बार केंद्रीय चुनाव समिति तक स्क्रीनिंग कमेटी सिंगल नाम और अविवादित क्षेत्रों के नामों को सौंप भी चुकी है।

पूर्व अध्यक्षों का दिल्ली दौरा

पिछले तीन दिन से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चल रही है जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव भी वहां पहुंचे थे। पचौरी व भूरिया एक-एक दिन के लिए वहां गए थे जो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से कुछ घंटे की मुलाकात के बाद वापस लौट आए। यादव वहां तीन दिन से हैं और उन्होंने न केवल कमलनाथ, बल्कि स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिाी से भी मुलाकात की।

पूर्व संगठन प्रभारी भी दिल्ली में

पीसीसी के पूर्व संगठन प्रभारी चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी और रवि जोशी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। द्विवेदी जहां महाराजपुर तो जोशी खरगोन जिले से दावेदारी कर रहे हैं। चंद्रिका प्रसाद करीब दो सप्ताह से वहां हैं तो जोशी भी कुछ दिनों से वहां नेताओं से मेल-मुलाकात कर रहे हैं। पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी व प्रेमचंद गुड्डू भी दिल्ली पहुंचे हैं, जिनकी कमलनाथ व मिस्त्री से मुलाकात हुई है। राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल पिछड़ा वर्ग के अपने नेताओं को टिकट दिलाने के लिए दिल्ली में रुककर प्रयास कर रहे हैं।

विधायक लगा रहे परिक्रमा

चयन प्रक्रिया के चलते कुछ विधायकों को अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से वे दिल्ली की परिक्रमा लगा रहे हैं तो कुछ विधायक नजारे देखने वहां पहुंचे। मुकेश नायक, फुंदेलाल मार्को, मधु भगत, आरके दोगने, अरुणोदय चौबे, उमंग सिंघार और नारायण प्रजापति के दिल्ली में होने की जानकारी मिली है। कुछ पूर्व मंत्री भी दिल्ली में डेरा डाले हैं, जिनमें महेश जोशी व यादवेंद्र सिंह जैसे नेता प्रमुख हैं।

इनके अलावा दिल्ली में मंदसौर की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, सज्जन सिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ व सुरेंद्र सिंह ठाकुर, जबलपुर के आलोक चंसोरिया, इंदौर के अंतरसिंह दरबार, पंकज संघवी, सत्यनारायण पटेल, छतरपुर के मिठाईलाल चौहान, विदिशा के हृदय मोहन जैन, भोपाल के पूर्व विधायक पीसी शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ जकी, मनोज शुक्ला, पीसीसी के महामंत्री महेंद्रसिंह चौहान, रवि सक्सेना आदि दिल्ली में डटे हुए हैं। इसके अलावा पूर्व विधायक अजय चौरे, सविता दीवान, विनोद डागा और भी दिल्ली में है।

राहुलजी मालवा पहुंच रहे

कांग्रेस इस समय मैदान में है। अभी राहुल गांधी चंबल का दौरा करके गए हैं और जल्द ही मालवा में पहुंच रहे हैं। इसके कमलनाथ, सिंधिया और दिग्विजय सिंह भी क्षेत्रों में जाएंगे। ये सभी नेता कई बार प्रदेश के दौरे कर चुके हैं और एक-एक बार सभी जिलों तक पहुंचकर लौटे हैं।

  • शोभा ओझा, अध्यक्ष, मीडिया विभाग मप्र कांग्रेस कमेटी

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply