विधायक संजय पाठक ने शिक्षक के गंभीर कदाचरण पर जांचकर कार्यवाही के दिए निर्देश
विधायक संजय पाठक ने शिक्षक के गंभीर कदाचरण पर जांचकर कार्यवाही के दिए निर्दे
कटनी। विद्यालय जैसे पवित्र स्थान पर शिक्षक द्वारा नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक ने इसे गंभीर कदाचरण मानते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बरेहटा के गोइन्द्रा स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक अरविंद कुजूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में शिक्षक कक्षा के भीतर नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाते हुए तथा असामान्य व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने वीडियो विधायक संजय पाठक को भेजते हुए हस्तक्षेप की मांग की थी। वीडियो देखने के बाद विधायक पाठक ने शिक्षक के इस आचरण को बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत गंभीर बताते हुए तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी से फोन पर चर्चा की।
विधायक संजय पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि ने बताया कि मामले को तत्काल संज्ञान में ले लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और अभिभावकों ने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित निगरानी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।