तीन दिन से लापता मनोज साहू की महानदी के किनारे लावारिस मिली बाइक, एसडीआरएफ की टीम ने महानदी में छेड़ा तलाशी अभियान
तीन दिन से लापता मनोज साहू की महानदी के किनारे लावारिस मिली बाइक, एसडीआरएफ की टीम ने महानदी में छेड़ा तलाशी अभिया
कटनी(YASHBHARAT.COM)। ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम खमतरा निवासी एक युवक बीते तीन दिनों से लापता है तथा उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा है। कल रविवार की सुबह उसकी मोटर सायकल महानदी किनारे लावारिस हालत में मिलने के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। उधर कल महानदी किनारे लापता युवक की मोटर सायकल लावारिस हालत में मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए और क्षेत्र से होकर गुजरे मुख्य मार्ग पर चकाजाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक चकाजाम चला। पुलिस की समझाईश के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। जिसके बाद चकाजाम समाप्त हुआ। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम खमतरा निवासी मनोज साहू नामक युवक पेशे से मैकेनिक है। मनोज पिछले तीन दिनों से लापता है तथा उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा है। परिजन अपने स्तर पर मनोज की खोजखबर ले चुके हैं लेकिन उन्हे मनोज के लापता होने के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। उधर पुलिस भी गुमइंसान कायम कर मनोज की तलाश में यहां-वहां खोजखबर ले रही है। उधर दूसरी तरफ कल रविवार को मनोज की मोटर सायकल महानदी के किनारे लावारिस मेुं हालत में मिली। जिसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से भी महानदी में मनोज की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक महानदी में मनोज की तलाश जारी थी तथा उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे का कहना है कि मनोज की हर संभावित जगह पर तलाश की जा रही है और एसडीआरएफ टीम को भी महानदी में तलाशी अभियान के लिए लगाया गया है।