katniLatestमध्यप्रदेश

नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला के पर्स से ढाई लाख का मंगलसूत्र चोरी, रेल पुलिस ने 8 वर्ष पुरानी कीमत के हिसाब से दर्ज किया मामला

कटनी(YASHBHARAT.COM)। रेल प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान चोरी जाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं तथा रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाश यात्रियों का कीमती सामान पार कर चलते बन रहे हैं। रविवार को जबलपुर से कटनी आ रही गाड़ी संख्या 11201 नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस में सफर के दौरान बदमाशों ने एक महिला यात्री के पर्स से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया। लगभग दो से ढाई तोला वजनी सोने के मंगलसूत्र की कीमत लगभग ढाई से तीन लाख रूपए है लेकिन रेल पुलिस ने उसकी पुरानी कीमत 63 हजार 863 के हिसाब से मामला दर्ज किया है। इस संबंध में रेलसूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह निवासी 30 वर्षीय दिव्या पति श्रीराम द्विवेदी रविवार को सुबह अपनी मां और मौसी के साथ पुरूषोत्तम मास में नर्मदा स्नान करने जबलपुर गई थी। बताया जाता है कि जबलपुर में नर्मदा स्नान करने के बाद दिव्या अपनी मां और मौसी के साथ कटनी आने जबलपुर से गाड़ी संख्या 11201 नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुई। बताया जाता है कि कटनी साउथ स्टेशन आने के पूर्व निवार से ट्रेन के निकलने के बाद दिव्या अपनी मां और मौसी के साथ सीट छोड़ कर ट्रेन के दरवाजे के पास आकर खड़ी हो गई। इसी दौरान किसी अज्ञात बदमाश ने उसके पर्स में रखा मंगलसूत्र पार कर दिया। दिव्या की शिकायत के अनुसार उसका मंगलसूत्र दो से ढाई तोला वजनी था, जिसकी वर्तमान कीमत ढाई से तीन लाख रूपए होगी लेकिन रेल पुलिस ने 8 वर्ष पुरानी कीमत के हिसाब से उसकी कीमत 63 हजार 863 रूपए दर्ज की है। रेल पुलिस ने दिव्या की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश में जुट गई है।

Back to top button