जनजातीय गौरव दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी सौगातें: डिंडौरी में आयुर्वेदिक और मंडला में बनेगा मेडिकल कॉलेज; बैगा, सहरिया और भारिया समुदाय के लिए 91 करोड़ के विकास कार्य
जबलपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को संस्कारधानी जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शामिल हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए जनजातीय अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए कई बड़ी घोषणाओं और सौगातों का ऐलान किया।
‘जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और अपनी जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए जो ऐतिहासिक संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और उनके गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
जनजातीय अंचलों के लिए CM के पिटारे से निकलीं ये बड़ी सौगातें: मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रमुख योजनाओं का उल्लेख किया,जनजातीय जिले डिंडौरी में नया आयुर्वेदिक कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत मंडला जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।प्रदेश के बैगा, सहरिया और भारिया समुदाय के समग्र विकास और कल्याण के लिए 91 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है।

