katniमध्यप्रदेश

ऑपरेशन शिकंजा के तहत निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई,06 प्रकरणों में 14 आरोपी गिरफ्तार, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब व 44 पाव शराब जब्त, भारी मात्रा में लाहन नष्ट

ऑपरेशन शिकंजा के तहत निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई,06 प्रकरणों में 14 आरोपी गिरफ्तार, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब व 44 पाव शराब जब्त, भारी मात्रा में लाहन नष्ट

 

कटनी, 22 अगस्त। ऑपरेशन शिकंजा के तहत चौकी निवार पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री तथा जुआ जैसी असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम जरवाही और सुनेहरी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, 44 पाव शराब तथा ₹4,310 की जुआ राशि जब्त की। इसके अलावा अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया भारी मात्रा में लाहन मौके पर नष्ट किया गया।

पुलिस अधीक्षक जिला कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विक्रय, निर्माण एवं परिवहन तथा जुआ सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर श्री शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी निवार प्रभारी स.उ.नि. अंजनी मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।

जरवाही में अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई

पुलिस को ग्राम जरवाही में अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर प्यारे लाल कुम्हार पिता बौरा कुम्हार, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम जरवाही के कब्जे से 22 पाव तथा शकुन बाई पति सुरेन्द्र शर्मा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम जरवाही के कब्जे से 26 पाव शराब बरामद की।

दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 44 पाव शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5,000 है, जब्त कर उनके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

सुनेहरी में कच्ची महुआ शराब पर कार्रवाई

ग्राम सुनेहरी क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाने और बेचने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सुमेर सिंह पिता नन्हे सिंह गोंड, उम्र 35 वर्ष, विनय सिंह पिता नन्हे सिंह, उम्र 28 वर्ष, सुखदेव सिंह पिता नन्हे सिंह, उम्र 42 वर्ष तथा सुनील सिंह पिता शिव सिंह, उम्र 32 वर्ष, सभी निवासी ग्राम सुनेहरी को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,000 है, जब्त की। साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया भारी मात्रा में लाहन मौके पर नष्ट कर दिया गया।

जरवाही में जुआ खेलते आठ आरोपी गिरफ्तार

अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान ग्राम जरवाही में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। मौके से तेजी लाल रजक, राहुल पटेल, अजय पटेल, करण बर्मन, लटोरा चौधरी, सुनील चौधरी, राजू चौधरी और दीपक बर्मन को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और ₹4,310 नगद जुआ राशि जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

उपद्रवी तत्व पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

ग्राम जरवाही निवासी प्यारे लाल कुम्हार पिता बौरा कुम्हार, उम्र 58 वर्ष, द्वारा उपद्रव कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा ऐसे तत्वों पर निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button