katniमध्यप्रदेश

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स स्थित जंक्शन बीयर बार सील, 1.59 करोड़ का बकाया न चुकाने पर एक्शन

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स स्थित जंक्शन बीयर बार सील, 1.59 करोड़ का बकाया न चुकाने पर एक्श

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी ने बकाया करों और किराए की वसूली को लेकर अपने तेवर सख्त कर लिए हैं। रेलवे स्टेशन के पास ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सीलबंद कर दिया है। 1.59 करोड़ रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि समय सीमा के भीतर जमा न करने पर आयुक्त के निर्देश पर यह कदम उठाया गया।

30 दिन की मोहलत खत्म, निगम ने ठोका ताला
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 174 के तहत संबंधित पक्ष को मांग सूचना पत्र तामील कराया गया था। 30 दिनों का समय बीत जाने के बाद भी जब राशि जमा नहीं की गई, तो निगम ने कड़ा रुख अपनाया। अधिनियम की धारा 175(1) के तहत वारंट जारी करते हुए नर्बदा कॉन-टेक प्रा.लि. के रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स के जंक्शन बीयर बार परिसर पर 27 जुलाई 2026 को सीलिंग की कार्रवाई की गई।

₹1.59 करोड़ से अधिक की देनदारी
कार्यालय नगर पालिक निगम कटनी के आदेश पत्र (क्रमांक 1639/रा.वि./बा.शा./2026, दिनांक 24.07.2026) के मुताबिक, संस्थान पर 1,59,28,641/- रुपये (एक करोड़ उनसठ लाख अट्ठावीस हजार छह सौ इकतालीस रुपये) की विशाल राशि बकाया है। इतनी बड़ी राशि बकाया होने के चलते निगम प्रशासन ने परिसर को सील करने का निर्णय लिया।

बिना अनुमति सील तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति दुकान या बीयर बार का ताला खोलने या सील के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई, तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने साफ किया है कि संपूर्ण बकाया राशि चुकाने के बाद ही आगे की राहत संभव होगी।

Back to top button