Mahadev online satta App सट्टा एप की लिंक तलाशने इंदौर के पास महू में ईडी का छापा

Mahadev online satta चर्चित आनलाइन सट्टा कारोबार महादेव एप से जुड़ी लिंक और लेनदेन के सबूत जुटाने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम शुक्रवार को महू पहुंची। सट्टे के मामले में कुख्यात बदमाश लोकेश उर्फ राजा वर्मा के घर पर ईडी के अधिकारियों ने सुबह छह बजे दबिश दी। हालांकि दो घंटे तक उस घर में जांच व तलाशी के लिए ईडी के अधिकारियों को दाखिल नहीं होने दिया गया। सूत्रों के अनुसार सुबह से शाम तक टीम जांच करती रही पर टीम को कुछ भी हाथ नहीं लगा। वहीं राजा वर्मा लंबे समय से फरार चल रहा है।

गौरतलब है कि कोरोना काल के समय राजा वर्मा को महू कोतवाली पुलिस ने आनलाइन सट्टे चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में सजा भी हुई थी। इसके बाद वह जमानत पर छूटा था। 2022 में किशनगंज थाना क्षेत्र के पिगडंबर में भाजपा नेता के बेटे की हत्या हुई थी। इसमें राजा वर्मा को भी आरोपित बनाया गया था। मामले में भी राजा वर्मा को जेल भेजा गया था। इसमें भी वह जमानत पर बाहर आया था।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गुजरखेड़ा क्षेत्र की देवपुरी कालोनी में सुबह छह बजे दो गाड़ियों से ईडी की पांच सदस्यों की टीम राजकपूर वर्मा के घर पहुंची। वहां पहुंचने के बाद टीम ने लोकेश उर्फ राजा वर्मा के बारे में पूछताछ की और घर की तलाशी लेने की बात कही। इस पर घर वालों ने पुलिस को बुलाने के बाद तलाशी लेने को कहा और घर में नहीं जाने दिया।

Exit mobile version