कानपुर। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने लव जिहाद को लेकर एक अध्यादेश पास करा लिया है, जिसके तहत कड़े प्रावधान किए गए हैं। यूपी में लव जिहाद अध्यादेश के मद्देनजर मुरादाबाद से सपा सांसद एसटी हसन ने “लव जिहाद” को एक राजनीतिक स्टंट करार दिया और मुस्लिम लड़कों से कहा कि हिंदू लड़कियों को अपनी ‘बहनों’ की तरह मानें।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में अवैध धर्मांतरण कानून ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश-2020’ के मसौदे को मंजूरी दे दी गई।
योगी सरकार द्वारा लव जिहाद के मामलों में जांच के लिए अध्यादेश की मंजूरी पर सपा सांसद हसन ने कहा, ‘लव जिहाद एक राजनीतिक स्टंट है।
हमारे देश में लोग अलग-अलग धर्म के बावजूद अपने जीवनसाथी का चयन करते हैं। हिंदू मुस्लिमों से शादी करते हैं और मुस्लिम हिन्दुओं से। हालांकि, यह संख्या बहुत कम है। लेकिन अगर आप ‘लव जिहाद’ के मामलों की तह तक जाते हैं तो आप पाएंगे कि लड़कियों को पता होता है कि लड़के मुस्लिम थे।
लेकिन सामाजिक दबाव के कारण या अगर परिवार में कुछ आंतरिक मुद्दों की वजह से वे कहती हैं कि वे नहीं जानती थी कि लड़का मुसलमान है और वे इसे ‘लव जिहाद’ कहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं मुस्लिम लड़कों को सलाह देता हूं कि वे हिंदू लड़कियों को अपनी बहन की तरह मानें। किसी के बहकावे में न आएं। एक कानून बनाया गया है, जिसके तहत आपको जबरदस्त यातनाएं दी जा सकती हैं।
अपने आप को बचाएं और किसी भी प्रलोभन या प्यार में न पड़ें।’ बता दें कि ‘लव जिहाद’ का मुद्दा बीते कुछ समय से 21 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद से उबाल पर है। अक्टूबर में बल्लभगढ़ में एक स्टॉकर और उसके दोस्त ने कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा को कॉलेज के बाहर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।












