सुभाष चौक में अष्टमी पर मां दुर्गा की महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब,विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने की महाआरती, शहरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

Picsart 26 10 19 02 08 52 467

सुभाष चौक में अष्टमी पर मां दुर्गा की महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब,विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने की महाआरती, शहरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

कटनी। शारदेय नवरात्र की अष्टमी पर मां जगत जननी के दर्शन और पूजन के लिए जिलेभर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के हृदय स्थल सुभाष चौक पर पार्षद अवकाश जायसवाल एवं उनकी मित्र मंडली द्वारा स्थापित मां दुर्गा के भव्य पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा की विधि-विधान से महाआरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाआरती के दौरान पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मां के जयकारों और आरती के स्वर से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस धार्मिक आयोजन में शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर मां दुर्गा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने समस्त शहरवासियों एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए मां जगत जननी से सभी के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने पार्षद अवकाश जायसवाल एवं उनकी मित्र मंडली द्वारा नवरात्र के अवसर पर किए जा रहे धार्मिक आयोजन की सराहना की।

शारदेय नवरात्र के पावन पर्व पर शहर में जगह-जगह आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के बीच मां दुर्गा की आराधना में श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।