Site icon Yashbharat.com

दंगा फसाद ना बवाल चाहिए, बिहार का CM चिराग चाहिए’, LJPR का नया पोस्टर

chirag paswan potser 121247951

पटना। जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे तमाम राजनीतिक दल अलग-अलग तरीके से राज्य में अपनी दावेदारी पेश करने में लग गए हैं. इसी कड़ी में लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पटना में अपने नेता चिराग पासवान का एक ऐसा पोस्टर लगाया है, जो राजनीतिक गलियारों में इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है.

पोस्टर में क्या है?

समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टर में लिखा है, ‘दंगा फसाद ना बवाल चाहिए, बिहार का सीएम चिराग चाहिए’. वहीं पोस्टर में मुकुट के साथ चिराग की तस्वीर है और ‘बिहार कर रहा है ताजपोशी का इंतजार’ का स्लोगन लिखा गया है. ये पोस्टर न केवल चिराग की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को दर्शाता है, बल्कि लोजपा (रा.) की मजबूत सियासी महत्वाकांक्षा को भी दिखा है.

किसने लगवाया है पोस्टर?

जानकारी के मुताबिक, पटना की सड़कों पर ये पोस्टर शेखपुरा के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष इमाम गजाली के द्वारा लगाया गया है और इमाम गजाली की तस्वीर के ऊपर लिखा हुआ है, ‘शेर का कलेजा लेकर ऊपर वाला भेजा’. पोस्टर में गजाली चिराग को मुकुट पहनाते भी नजर आ रहे हैं.

कयासों का दौर शुरू

पोस्टर दिखने के साथ ही बिहार के राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है. चर्चाएं हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव में यदि सीएम चेहरे को लेकर कोई संशय नहीं है और नीतीश ही अगले चुनाव में भी गठबंधन का चेहरा होंगे तो आखिर क्यों घटक दल लोजपा (रामविलास) के नेता इस तरह के स्लोगन वाले पोस्टर्स लगा रहे हैं.

लोकसभा चुनाव में चिराग दिखा चुके हैं दम

जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राज्य में सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच रही है पोस्टरबाजी और बयानबाजी का दौर तेजी से जोर पकड़ रहा है, जहां हर दल अपने नेताओं के कद को ऊंचा करने और दावेदारी को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा. खासतौर पर, लोकसभा चुनाव में 100% स्ट्राइक रेट के साथ शानदार प्रदर्शन करने वाली लोजपा (रामविलास) इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत का लोहा मनवाने को तैयार है. पार्टी निश्चित रूप से सम्मानजनक संख्या में सीटों की मांग करेगी और अपने सियासी वजूद को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी.

Exit mobile version