Latest

Katni: दिनदहाड़े लूट की गुत्थी सुलझी, इस मामले को लेकर अब भी इंतजार

कटनी। कुठला व रीठी थाना अंतर्गत दिनदहाड़े घटित लूट की दो अलग-अलग वारदातों में से कुठला पुलिस ने अपने थाना अंतर्गत घटित वारदात को चंद घंटों के अंदर ही सुलझा ली है जबकि रीठी पुलिस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर अब तक उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है।

कुठला पुलिस ने चंद घटों में सुलझाई वारदात, रीठी पुलिस सुराग भी नहीं लगा पाई
चार गिरफ्तार, लूट की रकम व सामान बरामद

गौरतलब है कि कुठला थाना अंतर्गत कटनी-पन्ना मार्ग पर अमराडांड जंगल में रंगनाथ नगर थाना अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र मंगलनगर निवासी डेयरी कारोबारी 57 वर्षीय जर्नादन यादव को अज्ञात बदमाशों ने उस दौरान लूट लिया था। जब वह अपनी बाइक से भैंस की खरीददारी करने के सिलसिले में शाहनगर जा रहा था। आरोपियों ने उससे पहले लिफ्ट ली और फिर अमराडांड के जंगल में ले जाकर उसके पास से लगभग 45 हजार रूपए नगद, एक मोबाइल फोन व आधारकार्ड छीन कर चंपत हो गए थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और चंद घंटों के अंदर लूट की वारदात में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें शंकरगढ़ पहरूआ निवासी 35 वर्षीय लाल उर्फ  चमरू उर्फ  अजय पिता रामू चौधरी(हाल निवासी ग्राम निपनिया थाना कोतवाली जिला रीवा), गल्लामंडी पहरूआ निवासी 28 वर्षीय सोनू पिता सैकू भूमिया, शिवाजीनगर निवासी 31 वर्षीय धीरेन्द्र दुबे पिता नंद कुमार दुबे व विजयराघवगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम भैंसवाही निवासी 40 वर्षीय संतोष उर्फ  लंबू कोल पिता गुलाब कोल शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से लूट की रकम व सामान भी बरामद कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व नगर पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के मार्गदर्शन में लूट की वारदात सुलझाने में कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, उपनिरीक्षक प्रियंका राजपूत, सिद्धार्थ राय, आर.एस.बघेल, सहायक उपनिरीक्षक विनोद पटेल, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, बालगोविंद प्रजापति, संदीप बाल्मिक, आरक्षक अविनाश मिश्रा, मोहन मण्डलोई, समशेर सिंह, पुष्पराज सिंह, दिनेश सेन, राकेश त्रिपाठी, शिवप्रकाश तिवारी, बुधराज सिंह, दीपक सिंह, सायबर से सत्येन्द्र सिंह व प्रशांत विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक ने चंद घण्टो में लूट का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।
रीठी पुलिस के हाथ हमेशा की तरह खाली
उल्लेखनीय है कि दिनदहाड़े लूट की दूसरी वारदात कटनी-दमोह मार्ग पर  ग्राम लाट पहाड़ी के समीप रीठी थाना अंतर्गत घटित हुई थी। जिसमें बैंक से पैसे निकालकर घर वापस लौट रहे पड़ोसी जिला पन्ना के ग्राम नांदगांव निवासी किसान रामनरेश लोधी से पल्सर मोटर सायकल सवार दो युवक लोहे के पाइप से हमला कर 1 लाख 30 हजार रूपए लूट कर चंपत हो गए थे। इस घटना में रीठी पुलिस ने किसान की शिकायत पर अपराध तो कायम किया लेकिन वह अब तक वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है। वैसे भी कटनी-दमोह मार्ग पर लूट की यह पहली वारदात नहीं है बल्कि इसके पूर्व एक मोबाइल कारोबारी पर भी जानलेवा हमला कर उसके साथ लूटपाट की गई थी। जिसके आरोपी भी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

Back to top button