कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 119 वारंटी गिरफ्तार, 30 अपराधियों पर कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालक पकड़े
कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 119 वारंटी गिरफ्तार, 30 अपराधियों पर कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालक पकड़
कटनी। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए कटनी पुलिस ने रविवार को जिलेभर में एक साथ मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन संचालित किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई के दौरान 119 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आदतन अपराधियों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने देर रात और तड़के फरार आरोपियों, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों तथा जिलाबदर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अभियान का उद्देश्य न्यायालयों के लंबित वारंटों का शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना रहा।
वारंटियों पर प्रभावी कार्रवाई
मेगा अभियान के दौरान 19 स्थायी वारंटियों, 57 गिरफ्तारी वारंटियों और 43 जमानती वारंटियों का निष्पादन किया गया। वहीं 31 समंस संबंधित व्यक्तियों को विधिवत तामील कराए गए। इस तरह कुल 119 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
अपराधियों की निगरानी तेज
पुलिस ने 51 गुंडा बदमाशों और 46 निगरानीशुदा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया तथा आकस्मिक जांच कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान
अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में 20 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए और संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शांति भंग की आशंका पर 3 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस, जबकि 74 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा बार-बार लोक शांति भंग करने वाले 5 व्यक्तियों पर धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संवेदनशील क्षेत्रों में 28 यात्रियों का सत्यापन कर उनका विवरण मुसाफिर रजिस्टर में दर्ज किया। साथ ही 40 होटल, ढाबों एवं सरायों की जांच की गई तथा जिले के 39 बैंक एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें।








