Site icon Yashbharat.com

KATNI NN परिषद गठन के एक साल होने पर कांग्रेस नेताओं ने महापौर एवं निगम प्रशासन पर लगाई आरोपों की झड़ी

wp 1689863154045

कटनी। नगर निगम परिषद के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आज इंडियन कॉफ़ी हाउस में वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष एड. मौसूफ़ बिट्टू के संयोजन में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने महापौर एवं निगम प्रशासन पर आरोपों की झड़ी लगा दी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम खम्परिया ने कहा कि एक साल में महापौर द्वारा शहर विकास का कोई भी कार्य नहीं कराया गया है। जगन्नाथ चौक से लेकर गर्ग चौराहा तक कि सड़क आज भी जस की तस है। पूरे शहर में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है।

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष करन सिंह चौहान ने कहा कि पिछले दिनों हुई थोड़ी सी बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया था। आलम यह था कि सड़कों पर भरा पानी लोगों के घरों में घुस गया। नगर निगम प्रशासन एवं महापौर की नाकामी का खामियाजा पूरे शहर को भोगना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव प्रियदर्शन गौर ने कहा कि एक साल पहले जनता ने दोनों दलों के उम्मीदवारों को नकारते हुए जनता महापौर के रूप में प्रीति सूरी को बहुमत दिया था लेकिन अपने निजी स्वार्थ को लेकर उन्होंने जनता के साथ विश्वासघात करते सत्ताधारी दल भाजपा को ज्वाइन कर लिया। इनके बावजूद शहर का विकास नहीं हुआ। लोग समस्याओं को लेकर परेशान हैं।

युवक कांग्रेस अध्यक्ष अंशु मिश्रा ने कहा कि एक साल शहर का बुरा हाल,एक वर्ष में ही शहर की जनता बेहाल हो चुकी है,पूरे शहर की सड़को का हाल किसी से छुपा नहीं है,अवैध कालोनी को वैध करने की कार्यवाही ठंडे बस्ते में है।नदियों की सफ़ाई के नाम पर दिखावा हो रहा है,जलाशय समाप्त हो रहे है भाजपा राज में।विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई। भ्रष्टाचार चरम पर है। अधिकारी तानाशाह हो चुके हैं। जनता आने वाले चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद मौसूफ़ बिट्टू ने कहा कि पूरे देश में कटनी ही ऐसा शहर है, जहां नगर निगम के पास खुद का शव वाहन और फ्रीजर नहीं है। नगर निगम परिषद में इस मुद्दे को उठाया गया था और निगम प्रशासन से जवाब मांगा गया था परंतु दुर्भाग्य की बात है कि निगम प्रशासन ने कोई जबाव नहीं दिया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों एक फ्रीजर नगर निगम को सौंपा गया है। आने वाले समय में एनकेजे, कुठला और माधवनगर में भी शव वाहन एवं फ्रीजर की व्यवस्था की जाएगी। मौसूफ़ बिट्टू ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में जलापूर्ति सही ढंग से नहीं की जा रही है लेकिन कर पूरा लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एमएसडब्ल्यू के माध्यम से शहर की जनता पर करारोपण करते हुए आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

आने वाले समय में सीवर लाइन का भी टेक्स जनता से वसूला जाएगा। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने कहा कि महापौर को बहुत उम्मीदों के साथ जनता ने नगर निगम की बागडोर सौपी थी लेकिन जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है। भाजपा की विकास यात्रा जब डन कालोनी आई थी, तब महापौर से यहां की सड़क निर्माण को लेकर सवाल किया गया था लेकिन उनके द्वारा उचित जबाव नहीं दिया गया।

उपनेता प्रतिपक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ईश्वर बेहरानी ने कहा पार्षदों के साथ भेदभाव किया जा रहा है उनके वार्ड के विकास कार्यों को होने नहीं दिया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विक्रम खम्परिया, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष करण सिंह चौहान, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियदर्शन गौर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंशु मिश्रा, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष रजनी वर्मा,, उपनेता प्रतिपक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ईश्वर बहरानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमल पांडे, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, श्रीमती पैरवी बिट्टू, नीतू रजक द्वारा प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया गया।

Exit mobile version