चाकूबाजी कर युवक की हत्या करने वाले पिता-पुत्र चंद घंटों में गिरफ्तार कटनी। रंगनाथ नगर

चाकूबाजी कर युवक की हत्या करने वाले पिता-पुत्र चंद घंटों में गिरफ्तार
कटनी। रंगनाथ नगरथाना पुलिस ने चाकूबाजी कर युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रमेश यादव (41 वर्ष) एवं उसका पुत्र रितेश यादव (19 वर्ष), दोनों निवासी मंगल नगर, थाना रंगनाथ नगर, शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 28 जून 2026 को मंगल नगर निवासी संतोष गोड़ ने थाना रंगनाथ नगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले के रमेश यादव और रितेश यादव ने विवाद के दौरान उसके भाई कन्हैया गोड़ पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया गोड़ को पहले जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह सहित थाना रंगनाथ नगर के अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








